इलाहाबाद विश्वविद्यालय में सुषमा स्वराज की याद में सजेगी आजादी की महफिल Prayagraj News
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के सीनेट हाल में आज दोपहर आजादी की महफिल सजेगी। यह आयोजन पूर्व विदेश मंत्री स्वर्गीय सुषमा स्वराज की याद में आयोजित किया जा रहा है।
प्रयागराज, जेएनएन। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इलाहाबाद विश्वविद्यालय में आज आजादी की महफिल सजेगी। यह आयोजन पूर्व विदेश मंत्री स्वर्गीय सुषमा स्वराज की याद में आयोजित किया गया है। समारोह की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। आयोजन स्थल सीनेट हाल की गुलाबी छटा देखते ही बन रही है। यहां इविवि के दृश्य कला विभाग की छात्राओं ने सुषमा स्वराज की याद में आकर्षक रंगोली बनाया है।
ऐतिहासिक सीनेट हाल को गुलाबी रंग से सजाया गया है
इविवि में इस बार स्वतंत्रता दिवस पर बतौर मुख्य अतिथि पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी और बतौर विशिष्ट अतिथि मानव संसाधन विकास मंत्रालय के एक्यूलेंस एवं मीटिंग विभाग के संयुक्त सचिव आलोक मिश्रा होंगे। सीनेट हाल में कार्यक्रम दोपहर में होगा। इसके लिए ऐतिहासिक सीनेट हाल को गुलाबी रंग से सजाया गया है। करीब 30 साल बाद सीनेट हाल का जीर्णोद्धार कराया गया। वर्ष 1987 में आखिरी बार सीनेट हाल का मरम्मतीकरण हुआ था। साथ ही 900 नई गद्देदार कुर्सियां भी लगाई गई हैं।
स्वागत में छात्राओं ने बनाई मनमोहक रंगोली
सीनेट हाल के बाहर छात्राओं ने 12 अलग-अलग रंगोलियां बनाकर आजादी का जश्न मनाने की तैयारी की है। सुषमा स्वराज की रंगोली बनाने वालों में केसरिया ग्रुप की दीपिका यादव, प्रज्ञा पांडेय, जूही यादव, शिखा यादव, पूनम कुशवाहा और रीमा चौधरी शामिल रहीं। वहीं कुलपति प्रो. रतन लाल हांगलू ने बुधवार को सीनेट हाल का निरीक्षण भी किया। उनके साथ रजिस्ट्रार प्रो. नरेंद्र शुक्ला, विशेष कार्य अधिकारी डॉ. चित्तरंजन कुमार, प्रो. हर्ष कुमार, प्रो. संतोष भदौरिया आदि रहे।