इस वजह से सिविल लाइंस बस डिपो की आमदनी में आई गिरावट Prayagraj News
सिविल लाइंस बस डिपो की आमदनी कम हो गई है। गोरखपुर मार्ग पर 61 किलोमीटर सड़क की खराबी और कांवर यात्रा के दौरान मार्ग परिवर्तन अहम वजह रही है।
प्रयागराज, जेएनएन। वाराणसी और गोरखपुर मार्ग पर अड़चनों के चलते रोडवेज के सिविल लाइंस बस डिपो को तगड़ी चोट पहुंच रही है। सावन में कांवर यात्रा और गोरखपुर मार्ग पर बड़हर से लेकर गोरखपुर तक 61 किलोमीटर सड़क की खराबी से सिविल लाइंस डिपो की आमदनी में लगातार गिरावट दर्ज की गई। इस डिपो की आमदनी बढ़ाने के लिए अब विभिन्न तरीके अपनाने की तैयारी की जा रही है।
प्रयागराज सूबे में आमदनी में अव्वल, इसमें सिविल लाइंस का सहयोग नहीं
रोडवेज प्रयागराज परिक्षेत्र ने आमदनी में सूबे में अव्वल स्थान पाया है। हालांकि सिविल लाइंस डिपो इस उपलब्धि में कोई सहयोगात्मक प्रदर्शन नहीं कर सका। मई माह में भी प्रयागराज परिक्षेत्र की आमदनी में अचानक बूम आने पर भी सिविल लाइंस डिपो फिसड्डी साबित हुआ था।
बड़हर से गोरखपुर तक करीब 61 किमी उखड़ी सड़क बनी कम आमदनी की वजह
दरअसल सिविल लाइंस डिपो से गोरखपुर मार्ग पर 40 बसों का संचालन होता है। बड़हर से गोरखपुर तक करीब 61 किलोमीटर सड़क उखड़ी हुई है। ऊबड़ खाबड़ सड़क पर चालकों को रफ्तार बहुत कम करनी पड़ती है। गड्ढे या ऊबड़ खाबड़ जमीन से टकराने पर कभी बसों की कमानी टूट रही है तो कभी अन्य पुर्जे खराब हो रहे हैं। डीजल की खपत भी अपेक्षाकृत अधिक हो गई है।
वाराणसी मार्ग पर सावन में कांवर यात्रा भी बना कारण
इसके अलावा वाराणसी मार्ग पर सावन में कांवर यात्रा के चलते बसों का मार्ग परिवर्तित किया गया था। इस मार्ग पर 25 बसों का संचालन होता है। 17 जुलाई से 15 अगस्त तक बसों को वाराणसी तक एक तरफ करीब 24 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ रहा था। एक बड़ा कारण यह भी है कि वाराणसी में प्रयागराज की बसों को कलेक्ट्री फार्म पर ही रोका जा रहा है। इन्हें बस स्टेशन तक नहीं जाने दिया जा रहा। इससे सवारियां कम मिल रही हैं।
रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक की आमदनी बढ़ाने की यह है तैयारी
यह जानकारी देते हुए रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक टीकेएस बिसेन ने बताया कि गोरखपुर मार्ग की बसों में कुछ बस हटाकर इन्हें प्रयाग-फैजाबाद-गोरखपुर मार्ग पर चलाने की तैयारी कर रहे हैं। कुछ बसें कानपुर मार्ग पर भी बढ़ाई जाएंगी। इससे सिविल लाइंस डिपो की आमदनी बढ़ेगी।
नहीं थम रही डग्गामारी
सिविल लाइंस डिपो के मुहाने पर डग्गामारी थमने का नाम नहीं ले रही है। वाराणसी और लखनऊ के यात्रियों को कुछ लोग बस स्टैंड के बाहर रोक लेते हैं और उन्हें निजी वाहनों में बैठाते हैं। इस संबंध में रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक का कहना है कि पुलिस और परिवहन विभाग उन्हें सहयोग नहीं कर रहा है। इससे डिपो को काफी नुकसान हो रहा है।