प्रतापगढ़ के पट्टी में स्कार्पियो की टक्कर से किशोरी की मौत, भाई जख्मी Prayagraj News
बोलेरो के पहिए से कुचलने के कारण रागिनी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अभिषेक गंभीर रूप से जख्मी होकर तड़पने लगा। इस दौरान स्कार्पियो लेकर सवार भाग निकला।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रतापगढ़ जनपद के पट्टी कोतवाली इलाके में शुक्रवार को सड़क हादसे में एक किशोरी की मौत हो गई जबकि उसका भाई गंभीर रूप से जख्मी हो गया। अनियंत्रित स्कार्पियो ने साइकिल सवार भाई-बहन को टक्कर मार कर फरार हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर अवस्था में भाई को अस्पताल में भर्ती कराया और बहन के शव को कब्जे में ले लिया। केस दर्ज कर पुलिस आरोपित स्कार्पियो सवार की तलाश कर रही है।
साइकिल से दवा लेने गए थे चचेरे भाई-बहन
पट्टी कोतवाली क्षेत्र के नादी निवासी गया प्रसाद गुप्ता की 16 वर्षीय पुत्री रागिनी गुप्ता की तबीयत ठीक नहीं थी। वह अपने चचेरे भाई अभिषेक गुप्ता के साथ शुक्रवार की सुबह करीब नौ बजे कंजा गांव में डॉक्टर को दिखाने और दवा लेने गई थी। वापस लौटते समय पट्टी की तरफ से जा रही अनियंत्रित बोलेरो ने साइकिल में टक्कर मार मारी। इससे दोनों भाई और बहन साइकिल से गिर पड़े। इस दौरान बोलेरो के पहिए से कुचलने के कारण रागिनी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अभिषेक गंभीर रूप से जख्मी होकर तड़पने लगा। इस दौरान स्कार्पियो लेकर सवार भाग निकला।
स्कार्पियो और आरोपित चालक का कुछ पता नहीं चला
इधर हादसे के बाद मौके पर आसपास के ग्रामीण पहुंचे। उन्होंने भाग रही बोलेरो का कुछ दूर तक पीछा भी किया लेकिन वह उनकी आंखों से ओझल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। वहीं जख्मी अभिषेक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस स्कार्पियो और उसके चालक को ढूंढने का प्रयास कर रही है। हालांकि अभी तक सफलता नहीं मिली।