कौशांबी में सड़क हादसे में मासूम की मौत, आक्रोशित लोगों ने रास्ताजाम किया Prayagraj News
कौशांबी में सरायअकिल के बैरागीपुर में पांच वर्षीय बालक घर के बाहर सड़क किनारे खेल रहा था। अनियंत्रित वाहन ने उसे कुचल दिया। मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने रास्ताजाम किया।
प्रयागराज, जेएनएन। कौशांबी में घर के बाहर खेल रहे पांच वर्षीय बालक को तेज रफ्तार अप्पे ने कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने मंझनपुर-प्रयागराज मार्ग पर रास्ताजाम कर दिया। एंबुलेंस रोकने पर पुलिस ने उपद्रवियों पर लाठी पटककर भीड़ तितर-बितर की। चार लोगों को पकड़कर गाड़ी में बैठाया तो एक महिला ने पुलिस से बदसलूकी भी की। डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने जाम खत्म कराकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सड़क किनारे खेल रहा था आर्यन
सरायअकिल थाना क्षेत्र के बैरागीपुर निवासी विकास गुप्ता क्षेत्र के बाजार में लाई व चना की ठेलिया लगाते है। बुधवार की पूर्वाह्न विकास का पांच वर्षीय बेटा आर्यन घर के बाहर सड़क किनारे खेल रहा था। इसी दौरान बेनीराम कटरा से मंझनपुर की ओर जा रहा तेज रफ्तार अप्पे अचानक अनियंत्रित होकर आर्यन को कुचलते हुए निकल गया। हादसे में आर्यन की मौके पर मौत हो गई। कुछ दूरी पर चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। बेटे की लहूलुहान हालत में लाश देख परिवारवाले चीख पड़े।
एंबुलेंस को रोका तो पुलिस ने लाठी पटककर जाम खोलवाया
आक्रोशित लोगों ने मंझनपुर-प्रयागराज मार्ग पर रास्ताजाम कर दिया। सूचना पर सरायअकिल के अलावा पिपरी और करारी थाने की पुलिस फोर्स घटनास्थल पर पहुंची। लोगों ने स्वजनों को समझाकर लाश हटाने का प्रयास किया तो वे भड़क गए और चालक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करने लगे। इस बीच प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल किसी मरीज को ले जा रही एंबुलेंस को भी ग्रामीणों ने रोक लिया। पुलिस ने एंबुलेंस निकलवाने का प्रयास किया तो उपद्रवियों ने हंगामा शुरू कर दिया। इस पर पुलिस को मजबूरन लाठी फटकारनी पड़ी। हालांकि कोई चोटिल नहीं हुआ।
पुलिस कर्मियों से हाथापाई की
पुलिस ने चार लोगों को जीप में बैठाया तो एक महिला ने पुलिस कर्मियों से हाथापाई भी की। बहरहाल किसी तरह एंबुलेंस को निकालने के बाद सरायअकिल थाने के प्रभारी निरीक्षक विजय विक्रम सिंह ने समझाया कि जाम खत्म करने के बाद तत्काल चालक का पता लगाकर उसे गिरफ्तार किया जाएगा। करीब डेढ़ घंटे बाद यातायात बहाल किया जा सका।