कौशांबी में अनियंत्रित कंटेनर ने पति-पत्नी को रौंदा, बेटा गंभीर Prayagraj News
कौशांबी के सैनी थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में दंपती की मौत हो गई वहीं उनका पुत्र गंभीर रूप से जख्मी हो गया। आक्रोशित लोगों ने रास्ताजाम किया। पुलिस ने मामला शांत कराया।
प्रयागराज, जेएनएन। पड़ोसी जनपद कौशांबी में सैनी कोतवाली क्षेत्र के त्रिलोकपुर गांव में बुधवार की देर रात बड़ा हादसा हो गया। यहां घर के बाहर सो रहे दंपती को अनियंत्रित कंटेनर ने रौंद दिया। इससे मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। वहीं हादसे में दंपती का मासूम बेटा गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
घर के बाहर सोते समय हुआ हादसा
त्रिलोकपुर गांव निवासी केश लाल परिवार के साथ खाना खाने के बाद बुधवार की रात में गर्मी अधिक होने के कारण घर के बाहर खाट पर पत्नी कौशिल्या व बेटा राजेंद्र के साथ सो गया। देर रात कानपुर की तरफ से आ रहा तेज रफ्तार कंटेनर पर से चालक का नियंत्रण हट गया। इससे कंटेनर डिवाइडर क्रॉस करते हुए सो रहे दंपती और बेटे को अपनी जद में ले लिया। केश ला और कौशिल्या की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पुत्र राजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। वहां पहुंची पुलिस को लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। गंभीर रूप से जख्मी राजेंद्र को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आक्रोशित लोगों ने रास्ताजाम किया, पुलिस के समझाने से माने
इधर घटना से आक्रोशित मौके पर जुटे लोगों ने रास्ताजाम कर दिया। सूचना पाकर वहां पहुंची संबंधित थाने की पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर घंटों बाद जाम खुलवाया। इसके बाद पुलिस ने दंपती के शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण को भेजा। हादसे को लेकर पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि पुलिस वसूली में ही मस्त रहती है।