प्रतापगढ़ में अराजकतत्वों ने तोड़ा मस्जिद का बोर्ड, दुकान में तोड़फोड़ व सामान उठा ले गए Prayagraj News
सुबह लोगों को तोड़फोड़ और चोरी की जानकारी हुई। सैकड़ों की भीड़ जुट गई। वहां पहुंची पुलिस ने अराजकतत्वों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराया।
प्रयागराज, जेएनएन। पड़ोसी जनपद प्रतापगढ़ में कंधई थाना क्षेत्र में अराजकतत्वों का शनिवार की रात में बोलबाला रहा। चौखड़ा गांव में रखहा खिरीबीर रोड के बगल स्थित चाय-नाश्ते की दुकान में तोड़फोड़ करने के बाद उसमें रखा सामान उठा ले गए। वहीं गांव के जामा मस्जिद के लगे बोर्ड को को भी उखाड़ फेंका। सुबह जानकारी होने पर लोग आक्रोशित हो उठे। पुलिस ने अराजकतत्वों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया तो मामला शांत हुआ।
पुलिस के आश्वासन पर शांत हुआ मामला
शनिवार को जाड़े की ठंड रात में ग्रामीण घरों में सोए हुए थे। उसी दौरान अराजकतत्वों का कारनामा चल रहा था। उन्होंने चौखड़ा गांव में रखहा खिरीबीर रोड के बगल स्थित चाय-नाश्ते की दुकान में रंजिशन तोड़फोड़ की। इतना ही नहीं उसमें रखा गैस सिलेंडर, चूल्हा समेत अन्य खाने-पीने के सामान उठा ले गए। मनबढ़ अराजकतत्वों ने गांव के जामा मस्जिद के बोर्ड को भी उखाड़ कर फेंक दिया। सुबह जब लोग सोकर उठे तो उन्हें जानकारी हुई।
सैकड़ों की भीड़ जुट गई। आक्रोशित ग्रामीणों इसकी सूचना संबंधित थाने में दी। तत्काल फोर्स के साथ मौके पर दिलीपपुर चौकी इंचार्ज जय शंकर तिवारी पहुंचे। उन्होंने अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर लेकर कार्रवाई का लोगाें को आश्वासन दिया। तब जाकर मामला शांत हुआ।
दुकान से हजारों का सामान उठा ले गए चोर
लालगोपालगंज के मुख्य चौराहे पर किताब की दुकान में शनिवार की रात में चोरों ने शटर का ताला तोड़ दिया। चोरों ने अंदर रखी नकदी समेत हजारों के सामानों पर हाथ साफ किया। सुबह दुकान का उठा शटर देखा तो आसपास रहने वालों को दुकान में चोरी की जानकारी हुई। भुक्तभोगी पुस्तक भंडार के मालिक व पुलिस को लोगाें ने चोरी की जानकारी दी। दुकान मालिक व पुलिस मौके पर पहुंची। जांच पड़ताल के बाद पुलिस वापस लौट गई। स्थानीय निवासियों का कहना है कि चोरियों पर लगाम नहीं लग पा रहा है। साथ ही आरोप लगाया कि पुलिस की निष्क्रियता से मुख्य चौराहा पर लगातार चोरियों हो रही हैं।
खड़े टैंकर के आठ चक्के व दो ट्रकों की बैटरी चोरी
प्रतापगढ़ जनपद में अंतू थाना क्षेत्र के आममऊ ककरहा गांव में घर के सामने स्थित बगीचे में खड़े गैस टैंकर के आठ चक्के और दो ट्रकों की बैटरी शनिवार की रात चोर खोले गए। सुबह लोगों को चोरी की जानकारी हुई। पुलिस जांच-प़ड़ताल के बाद चली गई।