नवाबगंज में बेटे ने पीट-पीटकर मां का किया कत्ल, बहन ने दी तहरीर Prayagraj News
बहन और भाई के साथ बूढ़ी मां रहती थी। रात में वह चारपाई पर सो रही थी। रात में पुत्र ने मां की पिटाई की जिससे उसकी मौत हो गई। यह देख वह फरार हो गया। बहन ने पुलिस को तहरीर दी है।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रतापगढ़ जनपद के नवाबगंज में कलयुगी बेटे ने अपनी ही मां को मौत के घाट उतार दिया। रविवार की रात उसने लाठी से पीट कर मां की हत्या की। सूचना पर पहुंची पुलिस को बहन ने भाई पर यह आरोप लगाते हुए तहरीर दी। महिला के शरीर पर जख्म के निशान पुत्र की बर्बरता को बयां कर रहे थे। उधर वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित पुत्र फरार है। फिलहाल हत्या के कारण का पता नहीं चला है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
70 वर्षीय वृद्धा चारपाई पर सो रही थी, वारदात के बाद आरोपित पुत्र फरार
प्रतापगढ़ जनपद के नवाबगंज थाना क्षेत्र के परसई सूबेदार का पुरवा गांव निवासी प्रेमा देवी 70 पत्नी सभापति रविवार की रात खाना खाकर अपने चारपाई पर सो गई। सुबह परिजनों ने उन्हें चारपाई पर मृत अवस्था में देखा तो रोना-पिटना मच गया। कुछ ही देर में वहां सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना होने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
बहन ने भाई के खिलाफ नवाबगंज थाने में दी तहरीर
मृत प्रेमा देवी की बेटी रेनू ने अपने भाई पर आरोप लगाया कि उसने मां का कत्ल किया है। पुलिस को दी गई तहरीर में रेनू ने आरोप लगाया कि उसके भाई मलखान ने मां की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इससे प्रेमा देवी के शरीर पर कई जगह चोट के निशान भी मिले हैं। उधर घटना के बाद से आरोपित पुत्र मलखान फरार है।
बेटे से विवाद पर महिला ने खाया जहर, गंभीर
बेटे से विवाद के बाद महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर खुदकशी का प्रयास किया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया। कौशांबी जनपद में महेवाघाट थाना क्षेत्र के अलवारा निवासी लक्ष्मी देवी की अपने बेटे से आए दिन कहासुनी होती थी। बेटे की हरकतों को लेकर लक्ष्मी काफी परेशान थीं। लक्ष्मी के पति रमेश की मानें तो रविवार की रात में भी बेटे से लक्ष्मी का झगड़ा हुआ। यह बात लक्ष्मी को नागवार गुजरी। वह अपने कमरे में गईं और जहरीला पदार्थ निगल लिया। कुछ देर बाद परिवार के लोगों ने उनकी बिगड़ती हालत देखी तो उनके होश उड़ गए। आनन-फानन उन्हें एंबुलेंस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया।