अल्लापुर हत्याकांड : ठेला लगाने के झगड़े में विकास को मारी थी गोली
अल्लापुर हत्याकांड मामले में ठेला लगाने के विवाद में विकास सिंह को दारागंज के युवक ने गोली मारी थी। पुलिस ने एक को पकड़़ा है जबकि हत्या करने वाला युवक दो साथी के साथ फरार हैं।
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : अल्लापुर में विकास सिंह (22) की गोली मारकर हत्या करने वाला युवक दारागंज का रहने वाला है। उसके एक साथी विनोद को पुलिस ने उठा लिया है। हालांकि विनोद ने विकास पर गोली नहीं चलाई थी। विकास की हत्या करने वाला युवक दो साथियों के साथ फरार है। मंगलवार को पुलिस टीमों ने दारागंज, अल्लापुर और राजापुर में कई जगह दबिश दी। साथ रहे विनोद को लेकर पुलिस रिश्तेदारों के यहां छापामारी कर रही है।
रविवार की रात अल्लापुर में विकास सिंह की गोली मारकर कर दी गई थी। गांधी धाम गुजरात के जगदीशपुरी महाराज का ड्राइवर विकास चार दोस्तों के साथ कार से घूम रहा था। साकेत अस्पताल के पास उसे कनपटी में गोली लगी थी। पुलिस अधिकारियों ने माथापच्ची की तो घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज मिल गई। दरअसल विकास का कोई विवाद नहीं था। उसकी जान तो दूसरे के झगड़े में चली गई। अल्लापुर का रहने वाला अभिषेक वहां ठेला लगाता है। विनोद बाली नामक युवक ने भी अंडे का ठेला लगा दिया। अभिषेक ने मना किया तो बात बढ़ गई और मारपीट हो गई। इसके बाद विनोद ने दारागंज और अल्लापुर से अपने साथियों को बुला लिया। तीन युवक पहुंचे तो अभिषेक भाग गया। विवाद चल रहा था तभी दारागंज के युवक ने गोली चला दी। विकास की कार वहां से गुजर रही थी और गोली उसके सिर में लग गई। पुलिस विनोद, अभिषेक को हिरासत में लेकर ताबड़तोड़ छापामारी कर रही है। देर रात सीओ आलोक मिश्र, इंस्पेक्टर संतोष कुमार शर्मा आरोपितों के रिश्तेदारों के यहां पहुंचे। पूछताछ के बाद धूमनगंज में दबिश दी गई।