Coronavorus Effect : आइजी बोले-Lockdown में अखबार वितरण पर कोई रोक नहीं, शाम को भी छूट Prayagraj News
दैनिक जागरण कार्यालय में आए आइजी केपी सिंह ने कर्मयोगियों का हौसला बढ़ाया। कर्मयोगियों को आश्वासन दिया कि अखबार बांटने में रोक नहीं है। अब शाम को भी उन्हें छूट मिलेगी।
प्रयागराज, जेएनएन। कर्मयोगियों को अब शाम को भी दो घंटे की छूट मिलेगी। इस दौरान वह पाठकों से घर जाकर अखबार का पेमेंट ले सकते हैं। दैनिक जागरण कार्यालय में आए आइजी केपी सिंह ने कर्मयोगियों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि कैसा लॉकडाउन के दौरान सच सामने लाने के लिए दैनिक जागरण लोगों तक पहुंचना आवश्यक है। इसलिए अखबार के वितरण में कर्मयोगियों को कोई बाधा नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि कर्मयोगियों को कोई सिपाही नहीं रोकेगा लेकिन आप बेवजह घर से न निकलें।
कर्मयोगियों को शाम पांच से सात बजे तक पेमेंट कलेक्शन के लिए मिलेगी छूट
आइजी केपी सिंह ने कर्मयोगियों से कहा कि भी मौसम हो, आप लोग घर-घर सुबह अखबार पहुंचाते हैं। अखबार के जरिए ही देश दुनिया की सही जानकारी समाज के हर तबके को मिलती है। कर्मयोगियों का काम काफी चुनौतीपूर्ण है। आइजी ने कहा कि सुबह अखबार बांटने के बाद शाम को भी पांच से सात बजे तक पेमेंट कलेक्शन के लिए आप लोगों को छूट रहेगी। इस बारे में अपने अधीनस्थों को हमने सूचित कर दिया है। वायरलेस सेट से संदेश प्रसारित करने के साथ ही लिखित आदेश भी जारी कर दिया गया है।
बोले आइजी-अखबार पढऩे और छूने से कोराना वायरस का संक्रमण नहीं होता
आइजी केपी सिंह ने कहा कि अखबार पढऩे और छूने से कोराना वायरस का संक्रमण नहीं होता। कुछ दिनों पहले आई भ्रामक खबरों ने लोगों को डरा दिया था। हालांकि सच्चाई यह है कि अखबार सुरक्षित है और इससे कोरोना वायरस का संक्रमण नहीं फैलेगा। इस पर कर्मयोगियों ने आइजी को धन्यवाद ज्ञापित किया। इस मौके पर अखबार वितरक अशोक यादव, मोहम्मद अहमद, उमेश मिश्रा, संजय साहू, अशोक नीवां, सुधीर श्रीवास्तव, अनिल मिश्रा, गोपाल, ब्रजेश मिश्रा, आरके कुशवाहा, गनपत तिवारी, प्रमोद चौरसिया, राकेश यादव, विनय पटेल, भोला अवस्थी, रजनीश श्रीवास्तव, धीरेंद्र तिवारी आदि मौजूद रहे।