नए नगर आयुक्त के आने पर ही हो सकेगा गृहकर की विसंगतियों का निस्तारण Prayagraj News
नगर निगम ने एक अप्रैल 2020 से लागू होने वाली नई गृहकर की जो दरों को प्रकाशित किया है उसमें कई विसंगतियां हैं। इस अड़चन को नए नगर आयुक्त के आने पर ही दूर किया जा सकता है।
प्रयागराज, जेएनएन। नगर निगम द्वारा गृहकर की नई दरों का नोटिफिकेशन जारी किए जाने के बाद पार्षद उसकी विसंगतियों को लेकर आपत्तियां दर्ज करा रहे हैं। नए नगर आयुक्त के अभी तक कार्यभार ग्रहण नहीं करने के कारण विसंगतियों पर मंथन नहीं हो पा रहा है। पार्षदों की आपत्तियां लेकर सिर्फ फाइल तैयार कराई जा रही है। इससे उनमें आक्रोश है। वह महापौर से भी शिकायत कर रहे हैं।
नई गृहकर की प्रकाशित दरों में कई विसंगतियां हैं
नगर निगम ने एक अप्रैल 2020 से लागू होने वाली नई गृहकर की जो दरों को प्रकाशित किया है, उसमें कई विसंगतियां हैं। अल्लापुर में 24 मीटर से अधिक चौड़ी सड़क पर बने मकान का टैक्स सिविल लाइंस के बराबर है, जबकि कटरा, मुट्ठीगंज का टैक्स इससे कम है। इसी प्रकार नीमसराय, आजाद स्कवायर, जयंतीपुर, टैगोर टाउन हासिमपुर समेत कई मार्गों पर बने मकानों का गृहकर ज्यादा है। नगर निगम का दावा है कि किसी भी वार्ड में 75 फीसद से अधिक गृहकर नहीं बढ़ा है। जो दरें प्रकाशित हुई हैं, उसमें कई वार्ड में तीन सौ प्रतिशत तक की वृद्धि हो रही है।
नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी बोले
नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पीके मिश्र का कहना है कि पार्षदों द्वार जितनी आपत्तियां दर्ज कराई जा रही हैं। उनकी फाइल तैयार हो रही है। नए नगर आयुक्त के आने पर उनके समक्ष आपत्तियां रखी जाएंगी। नोटिफिकेशन में जिन वार्डों की सूची में त्रुटि हुई है। उसे दोबारा से प्रकाशित कराया जाएगा।