पूर्व सांसद अतीक अहमद के गुर्गों का प्रयागराज में कई मकानों पर है कब्जा, पुलिस से बचने की शरणस्थली बनी
पूर्व सांसद अतीक अहमद के गुर्गों ने प्रयागराज में ऐसे मकानों पर कब्जा कर रखा है जो विवादित थे। डरा-धमका कर कब्जा कर लिया गया है। पुलिस से बचने के लिए ये शरणस्थली बने हैं।
प्रयागराज, जेएनएन। पूर्व सांसद अतीक अहमद तो गुजरात के अहमदाबाद जेल में बंद हैं। हालांकि उनके गुर्गों का आतंक जारी है। अतीक के गुर्गों ने प्रयागराज शहर के कई मकानों पर कब्जा कर रखा है। यह अलग बात है कि ऐसी शिकायतें तब पुलिस के सामने आती हैं, जब गुर्गे पकड़े जाते हैं। यही मकान अतीक के गुर्गों की शरणस्थली बन गया है। ये यहां चोरी-छिपे रहते हैं और पुलिस इनकी तलाश में इधर-उधर भटकती रहती है।
डरा-धमका कर संपत्ति औने-पौने दाम पर हथिया ली है
करेली, धूमनगंज, खुल्दाबाद, कोतवाली, सिविल लाइंस, कैंट, जार्जटाउन, कीडगंज, अतरसुइया, शाहगंज थाना क्षेत्रों में पूर्व सांसद अतीक अहमद के गुर्गों ने बहुत पहले ही कई ऐसे मकानों पर कब्जा कर रखा है, जो विवादित थे। किसी को डराया-धमकाया तो किसी पर दबाव बनाकर संपत्ति औने-पौने दाम पर हथिया ली। पीडि़त चाहकर भी विरोध नहीं कर पाते हैं।
मल्ली कई दिनों से यहां था पर पुलिस को भनक नहीं लगी
पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू किया तो उन्होंने इन्हीं मकानों में अपना ठिकाना बना लिया है। आसपास रहने वाले लोग इनके बारे में कुछ जानते भी नहीं है, जिस कारण यह पुलिस की आंखों से बचने में कामयाब रहते हैं। आशिफ उर्फ मल्ली कई दिनों से सिविल लाइंस में रह रहा था और पुलिस को कानों कान इसकी भनक नहीं थी।
पुलिस ने ऐसे लोगों से सामने आने को कहा
जिनके मकानों को पूर्व सांसद अतीक अहमद के गुर्गों ने कब्जा किया है, उन लोगों के बारे में पुलिस नहीं जानती। पुलिस अधिकारियों ने पिछले दिनों कई थानों में क्षेत्रीय लोगों के साथ बैठक कर कहा था कि जिनके मकानों पर कब्जा है, वे खुलकर सामने आएं। पुलिस हर तरह से मदद करेगी और न्याय दिलाएगी।
एसपी सिटी बोले-अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा
एसपी सिटी दिनेश सिंह कहते हैं कि किन-किन मकानों पर कब्जा किया गया है, उसकी सूची तैयार कराई जा रही है। जिन लोगों के मकान थे, उनका पता लगाकर उनसे बातचीत की जाएगी। किसी भी सूरत में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।