सूरज ने एकबार फिर तरेरी आंख और बढ़ी तपिश
शनिवार को मौसम साफ रहा और पूरे दिन धूप खिली रही। इसके चलते एक बार फिर गर्मी बढ़ गई है। शुक्रवार को छिटपुट बादल छाए रहे तो धूप कमजोर रही।
प्रयागराज : राजस्थान और गुजरात में मंगलवार को आए तूफान के कारण पश्चिमी हवाओं का दबाव बना है। इससे वायुमंडल में नमी भी बनी हुई है, लेकिन सूर्य के आंखें तरेरने से फिर तपिश बढ़ गई। हालांकि, आसमान में छिटपुट बादल छाए रहे। वहीं शनिवार को धूप और तल्ख हो गई। पूरे दिन मौसम साफ रहा। इसके चलते धूप खिली रही और गर्मी के साथ तपिश बढ़ भी बढ़ गई है।
धूलभरी आंधी और बारिश के कारण बुधवार को अधिकतम पारा लुढ़ककर 25.1 और न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस हो गया था। गुरुवार से पारा फिर चढ़ने लगा, लेकिन वायुमंडल में नमी के कारण ठंडी हवा चलती रही। शुक्रवार सुबह भी मौसम नम रहा, लेकिन दिन के करीब 10 बजे के बाद पारा चढ़ने लगा। जबकि शनिवार को सूर्य की किरणों की तल्खी और तेज रही। आसमान साफ होने के चलते सूरज देवता भी पूरे रौ में रहे। इसके चलते गर्मी बढ़ गई। दोपहर में तपिश के कारण बाहर निकले लोगों को धूप बर्दाश्त नहीं हो रही थी। इससे राहगीरों को परेशानी हुई। शुक्रवार को अधिकतम पारा गुरुवार की तुलना में 1.5 डिग्री चढ़कर 35.6 और न्यूनतम तापमान एक डिग्री बढ़कर 20.7 डिग्री सेल्सियस हो गया। अधिकतम आर्द्रता 78 और न्यूनतम 26 फीसद रही। गुरुवार को अधिकतम तापमान 34.1 और न्यूनतम 19.7 डिग्री सेल्सियस था।
मौसम विज्ञानी डॉ. एसएस ओझा का कहना है कि मई के प्रथम सप्ताह तक मौसम में दो बार उतार-चढ़ाव की संभावना है। 25-26 अप्रैल और चार-पांच मई तक मौसम में फिर से बदलाव हो सकता है। इसके बाद गर्मी बढ़ने की संभावना है।