Hathras Case : भाजपा सांसद विनोद सोनकर बोले-रात में युवती का शव जलाना प्रशासन की बड़ी गलती
Hathras Case भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय मंत्री व कौशांबी जनपद के सांसद विनोद सोनकर का प्रयागराज आगमन हुआ। उन्होंने हाथरस कांड को शर्मसार करने वाली घटना बताया। मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने सभी दलों को सचेत किया। कहा कि बेटियों को जाति में बांटकर न देखें।
प्रयागराज, जेएनएन। हाथरस कांड को भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय मंत्री व सांसद विनोद सोनकर भी दुर्भाग्यपूर्ण कहते हैं। उनका कहना है कि यह सभी को शर्मसार करने वाली घटना है। इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। रात दो बजे युवती के शव का अंतिम संस्कार कराना, मीडिया को गांव में न जाने देना और पीडि़त परिवार से न मिलने देना स्थानीय प्रशासन की बड़ी गलती है।
कहा, हाथरस घटना के दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी
सांसद विनोद सोनकर यह बातें सर्किट हाउस में कहीं। उन्होंने सभी दलों को सचेत किया कि बेटियों को जाति में बांट कर न देखें। सांसद ने कहा कि प्रदेश में संवेदनशील सरकार है। वह अपना काम कर रही है। दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। प्रशासनिक अफसरों की भी गलती की सजा उन्हें दी जा रही है। अभी पूरे मामले की जांच एसआइटी कर रही है।
सांसद बोले-पीडि़त परिवार के लिए आर्थिक सहायता की हो चुकी है घोषणा
सांसद ने कहा कि पीडि़त परिवार को राहत देने के लिए आर्थिक सहायता सहित सभी घोषणाएं हो चुकी हैं। कुछ राजनीतिक दल ऐसी घटनाओं को लेकर 2022 का एजेंडा तय कर रहे हैं। भाजपा का एजेंडा क्या है, के सवाल पर कहा कि हम तो विकास के एजेंडे को लेकर बढ़ रहे हैं। कृषक उपज वाणिज्य संरक्षण सशक्तीकरण एवं संवर्धन विधेयक पर भी विपक्षी भ्रम फैला रहे हैं।
51 किलो का माला पहनाकर किया सांसद का स्वागत
भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय मंत्री सांसद विनोद सोनकर दायित्व पाने के बाद पहली बार प्रयागराज आए। उनका पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कई जगहों पर गर्मजोशी से स्वागत किया। सर्किट हाउस में हुए कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने 51 किलो की माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर सांसद संगमलाल गुप्ता, लालबहादुर, शीतला प्रसाद, अनीता त्रिपाठी, अरिओम मिश्र, पवन सिंह, संतोष सोनकर, रवींद्र मिश्र, जनार्दन प्रसाद मिश्र, गिरि बाबा, अवधेश चंद्र गुप्ता आदि रहे।