Hartalika Teej 2020 : सुहागिन महिलाओं ने निर्जला व्रत रख मांगा अखंड सौभाग्य, शिव-पार्वती का किया पूजन
Hartalika Teej 2020 हरतालिका तीज पर सुहागन महिलाओं ने शिव-पार्वती का पूजन कर अपने सुहाग की सलामती की दुआ मांगी। अविवाहित लड़कियों ने भी यह व्रत रखा।
प्रयागराज, जेएनएन। हरतालिका तीज शुक्रवार को जिले में उत्साह और उल्लास के साथ जनपद में मनाई गई। अखंड सौभाग्य की कामना पूर्ति के लिए सुहागिन महिलाओं ने हरतालिका तीज का निर्जला व्रत रखकर शंकर-पार्वती और गणेश जी का पूजन किया। पर्व के अवसर पर दिन भर संगम समेत गंगा के विभिन्न स्नान घाटों पर व्रती महिलाओं की भीड़ रही। पूजन-अर्चन भी हुआ।
अविवाहित कन्याओं ने भी हरतालिका तीज का व्रत रखा
सुबह से ही पूजन की तैयारी शुरू हो गई थी। इससे पहले महिलाओं ने तड़के गूंगी पूजा की। तमाम व्रती महिलाओं ने गंगा यमुना और इन दोनों नदियों के संगम में स्नान भी किया। सूर्यास्त होने के बाद सोलह श्रृंगार कर गौरा-पार्वती, गणेशजी का पूजन किया। वहीं, योग्य वर की कामना पूर्ति के लिए अविवाहित लड़कियों ने भी हरतालिका तीज का व्रत रखा।
चंद्रोदय होने के बाद विधि-विधान से महिलाओं ने किया पूजन
हरतालिका तीज व्रत सबसे अधिक अवधि का व कठिन होता है। व्रती महिलाएं इसमें पानी की एक बूंद भी ग्रहण नहीं करतीं। मान्यता है कि माता पार्वती ने हरतालिका तीज व्रत रखकर ही भगवान शंकर को पति के रूप में प्राप्त किया। सुहागिन महिलाओं ने सुबह महुआ की टहनी की दातून करके व्रत शुरू किया। घरों में भजन-कीर्तन के जरिए शिव-पार्वती की महिमा गाई। शाम को चंद्रोदय होने पर विधि-विधान से पूजन किया। लकड़ी की चौकी पर शिव-पार्वती की मिट्टी की प्रतिमा रखकर उन्हें केले का पत्ता, साड़ी, नीबू, खीरा, पान-सुपाड़ी, फल, नारियल, श्रृंगार की सामग्री एवं फूलों का गजरा अर्पित कर कथा कही व सुनी। इसके बाद बड़ों का आशीर्वाद लेकर ब्राह्मणों को यथासंभव दान किया।
आज होगा व्रत का पारण
हरतालिका तीज व्रत का पारण शनिवार की सुबह होगा। व्रती महिलाएं मिष्ठान ग्रहण करके व्रत का विधि-विधान से पारण करेंगी। व्रत का पारण होने के बाद वह अन्न ग्रहण करेंगी।