कर्नलगंज में भाजपा नेता को सरेराह मारी गोली
कर्नलगंज थाना क्षेत्र में रविवार शाम बाइक सवार बदमाशों ने भाजपा नेता अमरजीत सिंह को गोली मार दी। पुलिस घटना केा संदिग्ध मान रही है। फिलहाल मामले मे नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया है।
जासं, इलाहाबाद : कर्नलगंज थाना क्षेत्र में रविवार शाम बाइक सवार बदमाशों ने भाजपा नेता अमरजीत सिंह उर्फ मन्नू (46)को गोली मार दी। उनके पैर में गोली लगते ही हमलावर भाग निकले। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचकर पूछताछ की। पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है। इससे पहले भी मन्नू की कार पर सिविल लाइंस में फाय¨रग हुई थी। उसी मामले को जोड़कर पुलिस इसे देख रही है।
अशोक नगर निवासी अमरजीत भाजपा युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष रह चुके हैं। दोपहर में वह दारागंज निवासी एक दोस्त से मिलने के लिए गए थे। इसके बाद सफारी कार से वापस घर लौट रहे थे। कार में उनके साथी ऋषभ और विकास भी थे। करीब चार बजे बक्शी बांध के पास पहुंचे। तभी वह सफारी से उतरकर लघु शंका करने लगे। आरोप है कि इसी दौरान बाइक से कुछ युवक आए और गोली मारकर भाग निकले। साथियों ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की खबर पाकर एसपी सिटी बृजेश श्रीवास्तव, सीओ कर्नलगंज व इंस्पेक्टर दारागंज, कर्नलगंज और जार्जटाउन की पुलिस अस्पताल पहुंच गई। पीड़ित से घटना के बारे में जानकारी लेकर पुलिस ने मौके की जांच की। सीओ आलोक मिश्रा का कहना है कि गोली लगने के बाद तुरंत बाद डायल 100 पर सूचना नहीं देने समेत कई ऐसे तथ्य हैं, जिसके आधार पर घटना संदिग्ध है। फिलहाल प्रकरण की जांच की जा रही है।
.....
दो युवकों पर लगाया आरोप -
पुलिस का कहना है कि अमरजीत ने गद्दोपुर फाफामऊ के तारिक व कटरा के आशुतोष जायसवाल पर हमले का आरोप लगाया है। अमरजीत का यह भी कहना था कि मुकदमा वापस नहीं लेने पर उसे धमकी दी जा रही थी। 28 अगस्त को सिविल लाइंस में अमरजीत व तारिक के बीच टकराव के बाद ताबड़तोड़ फाय¨रग व तोड़फोड़ हुई थी। तब सिविल लाइंस थाने में भी अमरजीत ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच में पुलिस को पता चला था कि दोनों पक्षों के बीच होटल का विवाद है।
.....
गोली निकलवाने के बाद दी सूचना -
इंस्पेक्टर कर्नलगंज सत्येंद्र सिंह का कहना है कि अमरजीत को जब गोली लगी तो उसने पुलिस को खबर नहीं दी, लेकिन एक निजी अस्पताल में गोली निकलवाने के बाद चौकी पहुंचकर घटना की जानकारी दी। इसके बाद दूसरे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके पर भी कई ऐसे तथ्य मिले हैं, जिससे घटना संदेहास्पद लग रही है।
.....
वर्जन-
- सिविल लाइंस पर जिनके विरुद्ध मुकदमा है, उन पर हमले का आरोप लगाया गया है। प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध है। तहरीर और सच्चाई के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
- बृजेश श्रीवास्तव, एसपी सिटी