प्रयागराज के कौंधियारा में ग्राम प्रधान को गोली मारी, जख्मी कर बाइक सवार बदमाश फरार
प्रयागराज में कौंधियारा के पिपरहटा के ग्राम प्रधान तेरहवीं भोज में शामिल होकर देर रात घर लौट रहे थे। रास्ते में बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें गोली मारकर जख्मी कर दिया।
प्रयागराज, जेएनएन। अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो जा रहे हैं लेकिन पुलिस हाथ मलती ही रह जाती है। कौधियारा विकास खंड के ग्राम पंचायत पिपरहटा के ग्राम प्रधान कृष्ण राज सिंह यादव को बदमाशों ने शुक्रवार की रात में गोली मार दी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्राम प्रधान को सीएचसी कौंधियारा ले गई। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख उन्हें शहर के एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस बाइक सवार बदमाशों की तलाश कर रही है। फिलहाल पुलिस के हत्थे अभी बदमाश नहीं चढ़े हैं।
तेरहवीं भोज में शामिल होकर घर लौट रहे थे प्रधान, रास्ते में वारदात हुई
कौंधियारा विकास खंड के ग्राम पंचायत पिपरहटा के ग्राम प्रधान कृष्ण राज सिंह हैं। वह शुक्रवार की रात करीब साढ़े 11 बजे गांव के ही गंगा यादव, संदीप यादव एवं शिव भवन यादव के घर तेरहवीं भोज में शामिल होने के बाद वापस घर लौट रहे थे। प्राथमिक विद्यालय पिपरहटा के पास अज्ञात हमलावर घात लगाए बैठे थे। ज्यों ही कृष्ण राज वहां पहुंचे, हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। जब तक वह कुछ समझ पाते, उन्हें गोली मार दी गई। गोली प्रधान की बांह में लगी है।
शहर के एसआरएन अस्पताल में पुलिस ने प्रधान को भर्ती कराया
गोली की आवाज सुनकर ग्रामीण भी उस ओर दौड़े। जब तक लोग घटनास्थल पर पहुंचते बाइक सवार हमलावर आंखों से ओझल हो चुके थे। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची कौंधियारा पुलिस ग्राम प्रधान कृष्ण राज सिंह को लहूलुहान हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कौंधियारा ले गई। वहां से चिकित्सकों ने उन्हें शहर के स्वरूपरानी प्रयागराज के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने उन्हें एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया।
प्रधान के खिलाफ कई मुद्दों पर जांच चल रही है
कौंधियारा विकास खंड के ग्राम पंचायत पिपरहटा के ग्राम प्रधान कृष्ण राज सिंह के खिलाफ कई मुद्दों पर जांच चल रही है। ग्रामीणों द्वारा ग्राम प्रधान के खिलाफ जांच के लिए गांव के ही पूर्व माध्यमिक विद्यालय में धरना-प्रदर्शन भी चल रहा है। पुलिस की जांच का एंगल इस ओर भी होगा। फिलहाल घटनास्थल का निरीक्षण कर बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस प्रयास कर रही है लेकिन अभी सफलता नहीं मिल सकी है।
असलहाधारियों ने महिला को पीटा
नैनी में एलडीए कॉलोनी निवासी आशा देवी पत्नी लक्ष्मी नारायण का चाका गांव में प्लाट है। प्लाट की बाउंड्री देखने के लिए वह वहां गई थी। उसी दौरान तीन बोलेरो पर सवार 15 लोग पहुंचे और उन्हें मारा-पीटा और तमंचा लहराते हुए दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी दी। थाने में तहरीर देकर आशा देवी ने जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।