सिविल लाइंस से छात्रा का अपहरण, डेढ़ घंटे में पुलिस ने बरामद किया Prayagraj News
वह दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं और पुराने दोस्त भी हैं। दूसरे छात्र के साथ देख उसने कार से छात्रा का अपहरण कर लिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर छात्रा को बरामद किया।
प्रयागराज, जेएनएन। सिविल लाइंस से शनिवार की रात में एक छात्रा का अपहरण हो गया। इस घटना से खलबली मच गई। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही अपहरण के आरोपित चंचल तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। चंचल व छात्रा एक ही गांव के रहने वाले हैं। पुराने दोस्त भी हैं, लेकिन छात्रा को दूसरे लड़के के साथ देख चंचल ने सबक सिखाने के लिए अपहरण किया था।
एक कोचिंग संस्थान में पढ़ती है छात्रा
अमेठी जिले के अंतू थाना क्षेत्र में रहने वाले एक शख्स की बेटी सिविल लाइंस स्थित एक कोचिंग में पढ़ती है। वह सरदार पटेल रोड स्थित निजी हॉस्टल में रहती है। शनिवार की रात वह अपने दोस्त सत्यम वर्मा के साथ पीवीआर में फिल्म देखने गई थी। इसी दौरान चंचल ने उसे देख लिया। कुछ देर बाद सत्यम ने जब छात्रा को उसके हॉस्टल के बाहर छोड़ा, तभी वहां कार से आए चंचल ने उसे अगवा कर लिया। इससे छात्रा का साथी परेशान हो गया और अपने दोस्त शुभम को जानकारी दी। शुभम ने पुलिस को छात्रा के अपहरण की खबर दी तो खलबली मच गई। कुछ ही देर में सिविल लाइंस सीओ, इंस्पेक्टर समेत कई थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। लड़की के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस करते हुए पुलिस ने कई स्थानों पर चेकिंग शुरू कर दिया।
रास्ते में चंचल ने छात्रा की पिटाई भी की
मऊआइमा में पुलिस को देखने के बाद चंचल ने वापस लौटने की कोशिश की। इस पर पुलिस ने अपहरणकर्ता को पकड़ लिया और छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया। छात्रा का आरोप है कि रास्ते में चंचल ने उसकी पिटाई भी की। फिलहाल सीओ वृजनारायण सिंह का कहना है कि छात्रा के घरवालों को जानकारी दे दी गई है। मुकदमा दर्ज कर आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है।