गंगा-यमुना का जलस्तर घटने लगा, निचले इलाकों में राहत Prayagraj News
अचानक बढ़े गंगा और यमुना नदियों से निचले इलाकाें में रहने वाले लोगों में एक बार फिर दहशत बाढ़ की आशंका को लेकर आ गई थी। हालांकि अब पानी लगातार कम हो रहा है।
प्रयागराज, जेएनएन। गंगा और यमुना का जलस्तर अब तेजी से नीचे जाने लगा है। मंगलवार को दोनों नदियों का जलस्तर लगभग पौने एक मीटर नीचे चला गया था। बुधवार को भी पानी नदियों में कम होता रहा। इससे निचले इलाके के लोगों को राहत मिलनी शुरू हो गई है। हालांकि बाढ़ के बाद गंदगी भी हो गई है। लोगों का कहना है कि जल्द से जल्द गंदगी नहीं हटाई जाएगी तो दिक्कत हो सकती है।
सोमवार रात का जलस्तर मीटर में
गंगा (फाफामऊ में) -82.40
यमुना (नैनी में) -82.42
गंगा-यमुना (छतनाग) -81.69
मंगलवार रात का जलस्तर मीटर में
गंगा (फाफामऊ में) -81.68
यमुना (नैनी में) -81.74
गंगा-यमुना (छतनाग) -81.01
तीन हफ्ते से बाढ़ की त्रासदी झेल रहे तटीय मोहल्लों के लोगों में राहत
लगभग तीन हफ्ते से बाढ़ की त्रासदी झेल रहे तटीय मोहल्लों के लोगों को दो दिन से राहत मिलने लगी है। सोमवार से तेजी से गंगा और यमुना का जलस्तर घट रहा है। यह क्रम मंगलवार और बुधवार को भी जारी रहा। उम्मीद है कि बुधवार को बड़े हनुमान मंदिर से गंगा का जल नीचे चला जाएगा। गंगानगर, मऊ सरैया, बेली कछार, नेवादा कछार, बघाड़ा, सलोरी और दारागंज इलाके में काफी पानी कम हो गया है। इन इलाकों की ज्यादातर बस्तियों में विद्युत आपूर्ति भी शुरू करा दी गई। हालांकि दारागंज में सब्जी मंडी मार्ग पर ही अभी आपूर्ति नहीं शुरू हो सकी है। यमुना बैैंक रोड स्थित उपकेंद्र से भी अभी आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है।