भारोत्तोलन जिला प्रतियोगिता के लिए चार खिलाड़ी हुए चयनित Prayagraj News
स्टेडियम में भारोत्तोलन टीम बनाने के लिए ट्रायल हुआ। इसमें कई खिलाडि़यों ने भाग लिया। बेहतर प्रदर्शन के आधार पर चार खिलाडि़यों प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
प्रयागराज, जेएनएन। भारोत्तोलन जिला प्रतियोगिता के लिए मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में ट्रायल हुआ। महबूब अली इंटर कॉलेज की ओर से प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ प्रधानाचार्य खुर्शीद अहमद ने किया। इस प्रतियोगिता में 30 खिलाडिय़ों ने भाग लिया। बेहतर प्रदर्शन के आधार पर चार खिलाडिय़ों को चयनित किया गया।
यह हैं चयनित खिलाड़ी
अंडर 17 वर्ग के चयनितों में 49 किलो भार वर्ग में मो. उबैद, 55 किलो भार वर्ग में गुलाम रसूल और 66 किलो भार वर्ग में आमिर हाशमी हैं। तीनों खिलाड़ी महबूब अली इंटर कॉलेज के हैं। वहीं अंडर 19 वर्ग के 55 किलो भार वर्ग में कर्नलगंज इंटर कॉलेज के युवराज सिंह का चयन हुआ है।
ताइक्वांडो खिलाड़ी क्लस्टर खेलने के लिए रवाना
विष्णु भगवान पब्लिक स्कूल के ताइक्वांडो टीम के खिलाड़ी क्लस्टर खेलने के लिए शारदा पब्लिक स्कूल रांची के लिए रवाना हो गए। इस अवसर पर स्कूल के प्रबंधक निदेशक अभिषेक तिवारी, प्रधानाचार्य दिनेश कुमार श्रीवास्तव, कोच अनुराग सिंह, टीम मैनेजर रेखा सिंह ने हौसला आफजाई की।
एसएसपी ने महिला टीम का बढ़ाया उत्साह
प्रतियोगिताओं में जीतकर लौटीं महिला खिलाडिय़ों का एडीजी जोन सुजीत पांडेय, एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज, एएसपी अमित आनंद ने उत्साहवर्धन किया। इन अधिकारियों ने खिलाडिय़ों को बधाई दी और आगे भी अच्छे खेल के लिए प्रोत्साहित किया। 35वीं वाहिनी पीएसी लखनऊ में संपन्न 58वीं तैराकी क्रास कंट्री प्रतियोगिता में प्रयागराज जोन की टीम ने दूसरा स्थान हासिल किया। इसी तरह 38वीं वाहिनी पीएसी अलीगढ़ में संपन्न वॉलीबाल, हैंडबाल, बास्केटबाल की प्रतियोगिता में महिला टीम ने पहला स्थान हासिल किया।