कौशांबी में किसान की गोली मारकर हत्या, तीन पर केस दर्ज Prayagraj News
75 वर्षीय किसान भोंदल गांव के बाहर नलकूप पर सो रहा था। बदमाशों ने रात में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। तीन के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रयागराज, जेएनएन। कौशांबी जनपद में पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के उजिहिनी आइमा में किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। 75 वर्षीय किसान भोंदल गांव के बाहर अपने नलकूप पर सो रहा था। उसी दौरान शुक्रवार की रात अज्ञात कातिलों ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। सुबह जब परिवार वालों ने खून से लथपथ लाश देखा तो होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मृतक को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले में पुलिस ने गांव के ही तीन लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपितों की तलाश की जा रही है।
सभासद को बदमाशों ने गोली मारी, गंभीर
सैनी कोतवाली क्षेत्र के नगर पंचायत अझुवा के वार्ड छह कृष्णानगर निवासी इरशाद अहमद पुत्र नौशाद सभासद हैं। वह शनिवार की सुबह किसी काम से बाइक से शमसाबाद जा रहे थे। वह जैसे ही इलाके के नगियामई गांव के समीप पहुंचे, बाइक सवार बदमाशों ने चलती गाड़ी में उन पर तमंचे से फायर कर दिया। एक गोली इरशाद अहमद के सीने के बगल में लगी। इससे वह लहूलुहान होकर गिर गए।
चुनावी रंजिश को लेकर वारदात को दिया गया अंजाम
उधर फायर की आवाज सुनकर आसपास रहे लोग मौके की ओर दौड़े। उनके ललकारने पर बदमाश भाग निकले। लहूलुहान हालत में इरशाद को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर पुलिस भी वारदात स्थल पर पहुंच गई। चुनावी रंजिश के चलते सभासद ने मोहल्ले के ही एक युवक पर कातिलाना हमला कराए जाने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप