पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव ने हाई कोर्ट में बदायूं सांसद संघमित्रा के खिलाफ दाखिल की चुनाव याचिका
सपा के पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव ने बदायूं लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद संघमित्रा मौर्या के चुनाव के खिलाफ इलाहाबाद हाई कोर्ट में चुनाव याचिका दाखिल की है।
प्रयागराज, जेएनएन। सपा के पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव ने बदायूं लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद संघमित्रा मौर्या के चुनाव के खिलाफ इलाहाबाद हाई कोर्ट में चुनाव याचिका दाखिल की है। धर्मेंद्र ने महानिबंधक के समक्ष चुनाव याचिका अधिवक्ता एनके पांडेय के जरिए दाखिल की।
उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या की बेटी संघमित्रा पर आरोप लगाया गया है कि बिलसी विधानसभा में 10 हजार वोट पड़े हैं, लेकिन वोटों की गिनती उससे अधिक हुई है। साथ ही संघमित्रा ने अपनी वैवाहिक स्थिति के बारे में चुनाव आयोग को गलत जानकारी दी है, जो अनुचित है। ऐसी स्थिति में संघमित्रा की लोकसभा सदस्यता रद की जाए।
भदोही भाजपा सांसद के खिलाफ भी याचिका
भदोही संसदीय क्षेत्र से बसपा प्रत्याशी रहे रंगनाथ मिश्र ने सांसद रमेशचंद्र बिंद के खिलाफ चुनाव याचिका दाखिल की है। शुक्रवार को दाखिल याचिका में कहा गया कि रमेशचंद्र बिंद ने नामांकन पत्र को गलत तरीके से पेश किया था, लेकिन उसे स्वीकार कर लिया गया। रंगनाथ ने उसकी वैधता को याचिका में चुनौती दी है।