प्रयागराज में पूर्व ग्राम प्रधान को गोली मारी, पंचायत चुनाव की रंजिश में हुई वारदात
प्रयागराज के सोरांव के पूर्व प्रधान को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर जख्मी कर दिया। हालांकि पुलिस का कहना है कि गोली से नहीं पटाखे से पूर्व प्रधान जख्मी हुए हैं।
प्रयागराज, जेएनएन। जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। वारदात को अंजाम देकर वह फरार हो जाते हैं। अब सोरांव के प्रधान को बदमाशों ने शुक्रवार की रात में गोली मार दी। बाइक सवार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। गंभीर हालत में प्रधान को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीन के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपितों की तलाश में छापेमारी कर रही है। फिलहाल वह पकड़ से दूर ही हैं।
सोरांव विकास खंड के अब्दालपुर खास गांव के पूर्व प्रधान हैं सतीश
सतीश यादव सोरांव विकास खंड के अब्दालपुर खास गांव के पूर्व प्रधान हैं। वह किसी कार्य के चलते शुक्रवार की रात किसी काम से गए थे। करीब नौ बजे वह घर लौट रहे थे। रास्ते में लाल की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पीछे से आए और उन्होंने पूर्व प्रधान को रोका। जब तक सतीश कुछ समझ पाते, बदमाशों ने तमंचे से उन्हें गोली मार दी। गोली के छर्रे पीठ पर लगने से वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़़े।
ग्रामीणों के आने से पहले बदमाश बाइक से फरार
उधर फायर की आवाज सुनकर ग्रामीण उस ओर दौड़े। जब तक लोग वहां पहुंते, घटनास्थल से बाइक से बदमाश फरार हो चुके थे। इस बीच वहां पुलिस और पूर्व प्रधान के घरवाले भी पहुंच गए। घायलावस्था में पूर्व प्रधान सतीश को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने कहा-पटाखे के बारूद से जख्मी हैं पूर्व प्रधान
पूर्व प्रधान सतीके की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीन नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस आरोपितों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है लेकिन वह पुलिस की पकड़ से दूर ही हैं। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि पूर्व प्रधान की पीठ पर गोली के छर्रे के नहीं, बल्कि पटाखे के बारूद के निशान हैं। फिलहाल इसकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पंचायत चुनाव की पुरानी रंजिश में प्रधान पर हमला किया गया है।
तमंचा व कारतूस के साथ युवक को पकड़ा
थरवई थाने की पुलिस ने भरथी का पुरा निवासी व्यक्ति को तमंचा व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। उक्त गांव निवासी रामचंद्र पिछले दिनों बाउंड्रीवाल बनवा रहा था। पड़ोसी गोरे लाल ने विरोध किया। तभी रामचंद्र पक्ष के अनुज यादव ने तमंचा लहरा दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो अनुज तमंचा लहराते हुए दिखाई पड़ा। शुक्रवार को पुलिस ने तमंचा-कारतूस संग पकड़ लिया और चालान कर दिया।