गुरु पूर्णिमा पर विदेशी भक्त भी मठ और आश्रमों में पूजन-अर्चन को उमड़े Prayagraj News
गुरु पूजन का पर्व आज मठों और आश्रमों में मनाया जा रहा है। गुरु के आसन को फूल मालाओं आदि से भव्य रूप से सजाया गया है। स्थानीय के साथ विदेशी भक्तों में भी उत्साह है।
प्रयागराज, जेएनएन। गुरु पूर्णिमा का पर्व आज मनाया जा रहा है। इस दौरान मठों और आश्रमों में पूजन-अर्चन के लिए शिष्यों की भीड़ जुट रही है। विदेशी भक्तों में भी उत्साह नजर आता है। फूलों आदि से सजे मठों और मंदिरों में धार्मिक आयोजनों की धूम है। मठों को सजाने के लिए सारी रात शिष्य जुटे रहे। जगह-जगह भंडारे का भी आयोजन किया जा रहा है।
गुरु आसन को फूलों से सजाया गया है
मठों और आश्रमों में गुरु के आसन को फूलों से सजाया गया है। वहीं परिसर में साज-सज्जा के इंतजाम किए गए हैं। आश्रमों व धार्मिक संस्थाओं में भंडारा प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई है। अल्लापुर स्थित बाघंबरी मठ में महंत नरेंद्र गिरि के निर्देशन में गुरु पूजन की तैयारी पूर्व संध्या पर होती रही। आज सुबह से मठ में शहर व अन्य जिलों के अलावा विदेशों से भी आने वाले भक्तों की भीड़ जुटी है। उनके ठहरने और भोजन की भी व्यवस्था है।
स्वामी वासुदेवानंद के आश्रम व मौजगिरि मंदिर में गुरु पूजन की धूम
अलोपीबाग स्थित स्वामी वासुदेवानंद के आश्रम और श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा की ओर से प्रयाग पीठाधीश्वर बनाई गईं माता हरिसिद्धि गिरि के निर्देशन में मौजगिरि मंदिर में गुरु पूजन शुरू हुआ। इसी प्रकार झूंसी स्थित टीकरमाफी आश्रम, क्रिया योग संस्थान झूंसी में योगी सत्यम व ज्ञानमाता के निर्देशन में गुरु पूर्णिमा पर समारोह का आयोजन किया जा रहा है। वहीं गऊघाट स्थित ओम नम: शिवाय सेवा संस्थान में वृहद भंडारे का आयोजन किया गया है।
सम्मानित होंगे उत्कृष्ट कार्य करने वाले
संस्कार भारती प्रयागराज की ओर से वर्धा विश्वविद्यालय परिसर में गुरु पूर्णिमा पर्व मनाया जा रहा है। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वरिष्ठजनों का सम्मान शाम को किया जाएगा। इसी क्रम में श्री देवरहा बाबा सर्वेश्वर कल्याण महामंडल ट्रस्ट की ओर से त्रिवेणी संगम बांध मार्ग स्थित श्री देवरहा बाबा सेवाश्रम में भव्य आयोजन शुरू है।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद भी करेंगे गुरु पूजन
उप्र के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य विभिन्न आश्रमों में जाकर गुरु पूजन करेंगे। दोपहर बाद उप मुख्यमंत्री बाघंबरी मठ अल्लापुर पहुंचेंगे। वहां महंत नरेंद्र गिरि से भेंट करेंगे। इसके बाद गऊघाट पर ईसीसी के समीप स्थित एक संस्था परिसर में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। शाम छह बजे शंकराचार्य मठ अलोपीबाग में स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती का दर्शन करने जाएंगे।
एनसीजेडसीसी में भजन और गायन
एनसीजेडसीसी में गुरु पूर्णिमा पर्व मनाया जा रहा है। सुबह गुरु पूजन और भजन गायन हुआ। शाम को भी भजनों की प्रस्तुति होगी। इसके अलावा भारतीय लोक कला महासंघ व स्वर्ग रंगमंडल की ओर से एनसीजेडसीसी में गुरु पूर्णिमा महोत्सव मनाया जा रहा है।