पंचायत चुनाव के लिए प्रयागराज में होली पर मतदाताओं को साधने में जुटे हैं दावेदार, रंगों के साथ चुनावी कलाबाजी भी जारी
पंचायत चुनाव के लिए मतदान 15 अप्रैल को है। समय कम है और मेहनत ज्यादा। लेकिन इसी बीच होली का पर्व पड़ गया है। एक तौर पर मैदान में उतरने वाले उम्मीदवारों के लिए यह ट्रंप कार्ड है। इसे भुनाने के लिए वह एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं।
प्रयागराज, जेएनएन। पंचायत चुनाव के लिए मतदान 15 अप्रैल को है। समय कम है और मेहनत ज्यादा। लेकिन इसी बीच होली का पर्व पड़ गया है। एक तौर पर मैदान में उतरने वाले उम्मीदवारों के लिए यह ट्रंप कार्ड है। इसे भुनाने के लिए वह एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं। होली पर्व पर मतदाताओं को साधने के लिए हर दमखम लगाया जा रहा है। होलिका दहन से लेकर होली खेलने, होली मिलने और लोगों के घर जाकर पापड़, गुझिया का स्वाद भी वह चख रहे हैं। माथे पर अबीर गुलाल का टीका लगाकर गले मिलकर वे मतदाताओं का दिल जीतने की हर कोशिश कर रहे हैं।
अखाड़े के दिग्गजों ने लगा दिया है हर दांव
पंचायत चुनाव को लेकर सबसे अधिक मारामारी प्रधान और क्षेत्र पंचायत पद के लिए है। अखाड़े में उतरने वाले उम्मीदवारों ने हर दांव लगा दिया है। वे मैदान में सामने वाले को चित करने के लिए हर वह कोशिश कर रहे हैं, जो मुमकिन है। वहीं ब्लाक प्रमुख पद के लिए दावेदारी जताने वालों ने अपने बीडीसी उम्मीदवार को जीतने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। कैसे वह चुनाव जीतेंगे, इसे लेकर वह रणनीति बना रहे हैं। यही नहीं उनके समर्थन के लिए प्रचार भी रहे हैं।
जिला पंचायत सदस्य के भावी उम्मीदवारों ने शुरू किया दौरा
अभी नामांकन नहीं हुआ है। राजनैतिक पार्टियों ने भी अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। लेकिन भावी उम्मीदवारों ने गांव-गांव, गली-गली दौरा शुरू कर दिया है। लोगों से मुलाकात कर उनकी हर संभव मदद का भरोसा दिलाया जा रहा है। बस यही कहा जा रहा है कि एक बार वोट दे, आगे उनकी सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।