प्रतापगढ़ में कच्चा मकान गिरा, जद में आने से आधा दर्जन जख्मी, एक की हालत गंभीर
प्रतापगढ़ के कुंडा में बारिश से सीलन भरे कच्चे मकान की दीवार पड़ोसी के कच्चे घर पर गिर गई। इससे पड़ोसी का पूरा घर गिर गया। उसमें दबने से परिवार के छह लोग घायल हो गए।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रतापगढ़ जनपद के कुंडा कोतवाली क्षेत्र के बसवाही गांव में मंगलवार की रात एक कच्चे मकान की दीवार पड़ोस के कच्चे मकान पर गिर पड़ी। इससे उसका पूरा मकान धराशायी हो गया। मकान के अंदर सो रहे छह लोग मिट्टी के मलबे में दब गए। तेजा आवाज हुई तो आसपास के लोगों की नींद टूटी। ग्रामीणों ने मशक्कत करके मिट्टी के मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। इस दौरान सभी आधा दर्जन घायलों को इलाज के लिए सीएचसी कुंडा में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद एक महिला की हालत गंभीर होने पर उसे प्रयागराज के लिए चिकित्सक ने रेफर कर दिया।
बुद्धन के घर की दीवार नब्बन के मकान पर गिरने से हुआ हादसा
इन दिनों हो रही बारिश के कारण कच्चे मकानों पर आफत के बादल मंडराने लगे हैं। बारिश से कच्ची दीवार नम होने से बसवाही गांव में हादसा हुआ। यहां के निवासी बुद्धन के कच्चे मकान की दीवार मंगलवार की रात करीब 11 बजे पड़ोस में रहने वाले नब्बन के कच्चे मकान पर गिर गई। इसके कारण नब्बन का पूरा मकान भरभरा कर गिर गया। दीवार गिरने के दौरान नब्बन के परिवार के छह सदस्य अंदर सो रहे थे। वह सभी मिट्टी के मलबे में दब गए।
गंभीर रूप से अशरफ अली एसआरएन अस्पताल रेफर
दीवार गिरने की तेज आवाज होने पर आसपास के लोग वहां पहुंचे और सभी ने मिलकर मिट्टी के मलबे को काफी कोशिश के बाद हटाया। साथ ही जख्मी आधा दर्जन लोगों से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुंडा ले जाया गया। घायलों में नब्बन 55 पुत्र अल्ताफ, नब्बन का बेटा दानिश 20, नाजिम 29, कासिम 25, नब्बन की बेटी आसिया बानो 15 व शबनम बानो 23 के अलावा नब्बन की पत्नी अशरफ अली हैं। प्राथमिक उपचार के बाद शबनम बानो की हालत खराब होने पर चिकित्सकों ने उन्हें प्रयागराज एसआरएन अस्पताल के लिए रेफर किया।
एसडीए व राजस्व कर्मी पहुंचे, किया निरीक्षण
उधर घटना की जानकारी होने पर कुंडा के एसडीएम राजन चौधरी, कुंडा के कोतवाल डीपी सिंह समेत राजस्व कर्मी सीएचसी कुंडा पहुंच गए। फोर्स भी पहुंच गई। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद ग्रामीणों से अधिकारियों ने पूछताछ भी की। साथ ही पीडि़त परिवार को आपदा राहत राशि दिलवाने का भी आश्वासन दिया।