राज्यपाल व सीएम संग कुंभ मार्गदर्शक मंडल की पहली बैठक होगी अहम
कुंभ मार्गदर्शक मंडल की पहली बैठक सर्किट हाउस में आज शाम को होगी। इसमें प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ तमाम अधिकारी मौजूद रहेंगे।
इलाहाबाद : कुंभ-2019 मार्गदर्शक मंडल की शनिवार की शाम यहां होने जा रही पहली बैठक काफी अहम होगी। इसमें राज्यपाल राम नाईक और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री मायावती और अखिलेश यादव समेत सांसदों तथा विधायकों को भी आमंत्रित किया गया है। यहां कुंभ के कार्यों की प्रगति की समीक्षा तो होगी ही, दिव्य और भव्य कुंभ के लिए मशविरा भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री सुबह उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू के साथ हाईकोर्ट और ट्रिपलआइटी के कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं। मुख्यमंत्री दोपहर 1:40 बजे सर्किट हाउस आएंगे। कुछ देर रुकने के बाद दोपहर 3:30 बजे कार से वह संगम पहुंचेंगे। यहां वह एयर शो में हिस्सा लेने के बाद सर्किट हाउस आएंगे। शाम पांच से सात बजे तक वह सर्किट हाउस में राज्यपाल की अध्यक्षता में होने वाली कुंभ मार्गदर्शक मंडल की पहली बैठक में शिरकत करेंगे। फिर शाम साढ़े सात बजे से रात नौ बजे तक कुंभ के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण का कार्यक्रम है। सर्किट हाउस में रात्रि का भोजन कर विश्राम करेंगे। रविवार सुबह सात बजे से आठ बजे तक वह सांसदों-विधायकों व गणमान्य लोगों के साथ चाय में शामिल होंगे। इस दिन भी वह सुबह आठ बजे से 10 बजे तक कुंभ के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। इसके बाद 10:15 बजे से दोपहर 12 बजे तक बैठक में वह कुंभ के कार्यों की समीक्षा करेंगे। दोपहर 12:10 बजे वह हेलीकॉप्टर से लखनऊ के लिए रवाना होंगे। राज्यपाल शनिवार की शाम को एयरक्राफ्ट से लखनऊ लौट जाएंगे। मुख्य सचिव अनूप चंद्र पांडेय भी कुंभ मार्गदर्शक मंडल की बैठक में हिस्सा लेंगे और शाम सात बजे बमरौली एयरपोर्ट से हवाई जहाज से लखनऊ लौट जाएंगे।
डिप्टी सीएम व चार मंत्रियों की भी होगी मौजूदगी :
कुंभ मार्गदर्शक मंडल की बैठक में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह, नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना, उड्डयन मंत्री नंदगोपाल गुप्त नंदी व डा. रीता बहुगुणा जोशी भी शामिल होंगी।