सड़क के लिए झगड़े में कर दी फायरिंग, गोली लगने से युवक जख्मी, Prayagraj news
जेसीबी मशीन से कराए जा रहे कार्य को एक पक्ष के ग्रामीणों ने जबरन बंद करा दिया। इसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। एक पक्ष के लोगों ने फायरिंग कर दी।
प्रयागराज, जेएनएन। कोरांव थाना क्षेत्र के बांसघाट गांव में रास्ते के विवाद में मंगलवार शाम फायरिंग हो गई। छर्रे लगने से एक व्यक्ति घायल हो गया है। गोली चलने से खलबली मच गई। खबर पाकर पहुंची पुलिस ने हमलावरों की तलाश में छापेमारी की।
कहासुनी के बाद कर दी फायरिंग
बांसघाट गांव में तीन किलोमीटर सड़क स्वीकृत हुई है। इसमें 1300 मीटर सड़क बनाई जा चुकी है। मंगलवार शाम निर्माण कार्य कराया जा रहा था तभी दो पक्षों में विवाद हो गया। जेसीबी मशीन से कराए जा रहे कार्य को एक पक्ष के ग्रामीणों ने बंद करा दिया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। एक पक्ष के लोगों ने फायरिंग कर दी। छर्रे धंसने से रजनीश पटेल पुत्र राजेश्वरी प्रसाद सिंह लहूलुहान हो गया।
तीन माह से रास्ते का विवाद
मामला यह है कि बांस घाट में 65 बीघे जमीन में दर्जन भर लोग पट्टेदार हैं। इसमें गांव के ही रावेंद्र प्रताप सिंह के द्वारा पट्टा धारकों को कब्जा नहीं दिया जा रहा है। 3 महीने से रास्ते का विवाद भी चल रहा था। मंगलवार को नदी पर बने रपटे के पास मिट्टी पटान कार्य कराया जा रहा था कि इसी बीच विवाद हुआ और गोली चली जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया है। घायल व्यक्ति के साथ सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण महिला पुरुष कोरांव थाने पहुंचे जहां पुलिस द्वारा कार्रवाई की मांग की गई। पुलिस मौके का निरीक्षण कर जांच में जुटी थी।