प्रयागराज में बीड़ी कारखाना में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान
हलीम ने बताया के कारखाने में बीड़ी के अलावा रैपर, जूट के बोरे आदि रखे थे। आग से सभी सामान जलकर पूरी तरह से राख हो गया।
प्रयागराज : प्रयागराज के सरायइनायत थाना क्षेत्र के सहसों पुलिस चौकी अंतर्गत सहसों बाजार में रविवार देर रात बीड़ी कारखाना में भीषण आग लग गई। शॉर्ट सर्किट से लगी आग में करीब दो लाख रुपये के सामान जलने की आशंका जताई जा रही है। धुएं का गुबार और आग की लपटें उठता देख ग्रामीण दौड़े। घंटों मशक्कत के बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका। आननफानन में ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। हालांकि, फायरकर्मियों के पहुंचने से पहले लोगों ने आग पर काबू पा लिया था।
सहसों के रहने वाले कांग्रेस नेता मोहम्मद हलीम अंसारी सहसों में बीड़ी का कारखाना संचालित करते हैं। हलीम ने बताया के रात करीब नौ बजे कारखाने में काम करने वाले सभी कर्मचारी अपने घर चले गए थे। इसी बीच रात करीब 10 बजे विद्युत शॉर्ट सर्किट से कारखाने में आग लग गई। कुछ देर बाद आग ने भयंकर रूप ले लिया। धुएं का गुबार और आग की विकराल लपटें उठीं तो लोगों को जानकारी हुई।
शोर मचाते हुए सभी मौके पर पहुंचे। आननफानन में लोगों ने आग बुझाने का कार्य शुरू किया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद भी आग नहीं बुझी तो लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना पर फायरकर्मियों के पहुंचने से पहले लोगों ने आग पर काबू पा लिया था। कारखाना संचालक की मानें तो आग से करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। हलीम ने बताया के कारखाने में बीड़ी के अलावा रैपर, जूट के बोरे आदि रखे थे। आग से सभी सामान जलकर पूरी तरह से राख हो गया। मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को भी दे दी गई है।