लाइसेंस बनवाने को लेकर आरटीओ कार्यालय में हो गई मारपीट Prayagraj News
सर्वर खराब होने के कारण कोई लाइसेंस बन नहीं पाया है। इसलिए शुक्रवार को सुबह से लंबी कतार लग गई। दोपहर में लाइसेंस फीस जमा करते समय लाइन में खड़े दो लोग आपस में लड़ गए।
प्रयागराज, जेएनएन। आरटीओ कार्यालय में दो दिन तक सर्वर खराब होने के कारण शुक्रवार को कार्यालय खुलने पर लाइसेंस बनवाने को लेकर हंगामा हो गया। लाइन तोड़कर फीस जमा करने पर दो लोग आपस में भिड़ गए। लोगों ने उन्हें मारपीट करने से रोका।
सर्वर खराब होने के कारण कोई लाइसेंस नहीं बना
आरटीओ कार्यालय में रोजाना 400 लोगों का लाइसेंस बनाया जा रहा है। बुधवार और गुरुवार को सर्वर खराब होने के कारण कोई लाइसेंस बन नहीं पाया है। इसलिए शुक्रवार को सुबह से लंबी कतार लग गई। दोपहर में लाइसेंस फीस जमा करते समय लाइन में खड़े दो लोग आपस में लड़ गए। एक पीडि़त मयंक सिंह ने इसकी शिकायत एआरटीओ प्रशासन सियाराम वर्मा से की। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज मंगवा कर पूरे मामले की जांच की। मयंक का आरोप था, उसकी जिससे मारपीट हुई थी। वह विभाग का कर्मचारी था। एआरटीओ ने एक-एक कर्मचारी को बुलाकर उसकी पहचान कराई। आखिर में उसका शिकायती पत्र लेकर सीसीटीवी फुटेज को अपने पास सुरक्षित रख लिया। एआरटीओ प्रशासन सियाराम वर्मा का कहना है कि दो दिन सर्वर खराब होने से शुक्रवार को भीड़ ज्यादा था। रोजाना 400 लाइसेंस बनते हैं।
27 वाहनों का चालान काटा, सात किया सीज
आरटीओ कार्यालय ने डग्गामार गाडिय़ों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 27 वाहनों का चालान काटा और सात वाहनों को सीज कर दिया। प्रवर्तन दल की टीम ने रामबाग स्टेशन के पास और चंद्रलोक टाकीज के पास यह कार्रवाई की। आरटीओ प्रवर्तन आरके सिंह का कहना है कि प्रवर्तन दल की पांचों इकाई अब निरंतर डग्गामार गाडिय़ों के खिलाफ कार्रवाई करेंगी।