पांच साल की बच्ची अश्लील हरकत
करेली थाना क्षेत्र में पांच साल की एक बालिका से अश्लील हरकत करने की शर्मनाक घटना सामने आई है। बच्ची के शोर मचाने पर परिजनों ने लड़के को पकड़ लिया और पिटाई कर दी।
जासं, इलाहाबाद : करेली थाना क्षेत्र में पांच साल की एक बालिका से अश्लील हरकत करने की शर्मनाक घटना सामने आई है। बच्ची के शोर मचाने पर परिजनों ने लड़के को पकड़ लिया और फिर पिटाई करते हुए पुलिस को सौंप दिया। आरोपित भी नाबालिग बताया जा रहा है।
आजाद नगर इलाके में मजदूरी करने वाला एक परिवार रहता है। शनिवार शाम मजदूर की पांच वर्षीय बेटी घर के बाहर खेल रही थी। तभी पड़ोस में रहने वाला करीब 16 साल का लड़का बच्ची के पास पहुंचा। उसे चॉकलेट का लालच देते हुए गोद में उठा लिया। इसके बाद उसके साथ अश्लील हरकत करने लगा। लड़के ने बच्ची का कपड़ा उतारना चाहा तो उसने शोर मचा दिया। इस पर वहां मौजूद लोग दौड़ पड़े। पूछने पर बच्ची ने लड़के की कारस्तानी बताई तो लोगों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। खबर पाकर करेली पुलिस मौके पर पहुंची और लड़के को थाने ले आई। इंस्पेक्टर करेली अवधेश प्रताप ने बताया कि बच्ची ने बयान दिया है। पीड़ित पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह प्लास्टिक का कचरा बीनने का काम करता है।
......
छात्राओं से छेड़खानी, विरोध पर धमकाया
इलाहाबाद : शिवकुटी थाना क्षेत्र के तेलियरगंज में सरेराह छात्राओं से छेड़खानी की गई। विरोध पर शोहदे ने उन्हें धमकी भी दी। घटना के बाद छात्रा के पिता ने पड़ोसी उमर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि उनकी बेटी अपनी सहेली के साथ शनिवार को स्कूल से लौट रही थी। तभी रास्ते में उमर ने अश्लील कमेंट करते हुए हाथ पकड़ने की कोशिश की। विरोध पर जान से मारने की धमकी दी गई। घटना की खबर पाकर एसआई धीरेंद्र नाथ यादव मौके पर पहुंचे और छात्राओं से पूछताछ की। आरोपित उड़ीसा में काम करता था। हालांकि पुलिस का कहना है कि दोनों पक्ष अब समझौता करने की बात कह रहे हैं।