लोकसभा पोल को लेकर वीआइपी मतदाताओं में दिखा जोश
लोकसभा पोल में अपने मतों को देने के प्रति वीआइपी मतदाता भी उत्साहित दिखे। उन्होंने अपने-अपने संबंधित मतदान केंद्रों पर मताधिकार का प्रयोग किया।
प्रयागराज, जेएनएन। लोकतंत्र के इस महापर्व में वीवीआइपी मतदाताओं ने बढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने लोकतंत्र के इस महापर्व पर अपने मतों का प्रयोग किया।
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल और डिप्टी सीएम ने दिया मत
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल पं. केशरीनाथ त्रिपाठी ने शहर उत्तरी के सिविल लाइंस स्थित गल्र्स हाईस्कूल एंड कॉलेज मतदान केंद्र पर मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं दूसरी ओर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पत्नी राजकुमारी देवी के साथ सिविल लाइंस स्थित ज्वाला देवी इंटर कॉलेज मतदान केंद्र पहुंचकर वोट डाला। इस दौरान उन्होंने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दोबारा भाजपा की सरकार बनने का भरोसा दिलाया।
स्वास्थ्य मंत्री ने वोट देकर जीत के प्रति आश्वस्त दिखे
प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह भी पत्नी के साथ ज्वाला देवी केंद्र पर पहुंचे और मतदान किया। जोश से भरे सिद्धार्थ भाजपा की जीत को लेकर आश्वस्त रहे। प्रदेश के नागरिक उड्डयन, स्टॉप एवं पंजीयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने सुबह आठ बजे शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र स्थित ठाकुरदीन बालिका विद्यालय में पहुंचकर मतदान किया। इस दौरान उनकी पत्नी महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी ने भी मतदान किया।
प्रदेश के पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह गौर ने किया मतदान
प्रदेश के पूर्व मंत्री डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह गौर ने सुबह नौ बजे शहर उत्तरी के प्रयाग महिला विद्यापीठ केंद्र में तथा फूलपुर से भाजपा प्रत्याशी केसरी देवी पटेल ने दोपहर में बारा विधानसभा में मतदान किया। विधायक हर्षवर्धन वाजपेई ने शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में सेवा समिति विद्या मंदिर मतदान केंद्र पर शाम साढ़े पांच बजे मतदान किया।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप