ये हैं प्रयागराज के 'तुलसी मैन', इन्होंने कोरोना वायरस से बचाव का ले रखा है प्रण
यह तो स्पष्ट है कि तुलसी का पौधा शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है। इसी पर अमल करते हुए प्रयागराज में विद्युत विभाग में कार्यरत रामचंद्र तिवारी ने पूरे कोरोना वायरस संक्रमण काल में लोगों को तुलसी के महत्व को बताया। सैकड़ों लोगों को तुलसी के पौधे प्रदान किए।
प्रयागराज, जेएनएन। कोरोना वायरस संक्रमण काल में भारतीय आयुर्वेदिक वनस्पतियों का महत्व काफी अधिक बढ़ गया। इसके चलते देश में पैदा होने वाले मसालों के अतिरिक्त आध्यात्मिक एवं गुणकारी तुलसी अधिक फायदेमंद साबित हुआ। लोग इस महामारी से बचाव के लिए तुलसी के पत्ते का प्रयोग कर रहे हैैं। इसी महत्व को देखते हुए घियानगर कॉलोनी में रह रहे इफको के विद्युत विभाग में कार्यरत रामचंद्र तिवारी ने पूरे कोरोना संक्रमण काल में लोगों को तुलसी के महत्व को बताया। साथ ही सैकड़ों लोगों को तुलसी के पौधे प्रदान किए।
तुलसी से शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता का विकास होता है : रामचंद्र
इस संबंध में रामचंद्र तिवारी ने बताया कि तुलसी का पौधा आध्यात्मिक दृष्टि के साथ औषधीय गुणों से भरपूर है। इससे मनुष्य के शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता का विकास होता है। शरीर में होने वाले अन्य विकार के लिए भी यह संजीवनी हैं। उन्होंने बताया कि घिया नगर कॉलोनी में रहने वाले बहुत सारे लोगों को तुलसी के महत्व को बताते हुए तुलसी की श्याम प्रजाति के पौधे दिए। इसके अतिरिक्त फूलपुर के आसपास रहने वाले 50 से अधिक गांव के लोगों ने गुणकारी तुलसी को ले जाकर अपने अपने घरों में लगाकर इसका प्रयोग शुरू किया है।
आसपास जिलों के भी लोग तुलसी के पौधे ले गए
रामचंद्र बताते हैं कि भदोही तथा जौनपुर के लोगों ने भी गुणकारी तुलसी के पौधे को यहां से ले जाकर लगाया है। बताया कि बाबूगंज गांव निवासी जैनुल आब्दीन, भोगवारा गांव निवासी सत्य कांत शुक्ला, मलथूआ गांव निवासी रामाश्रय ङ्क्षबद, सहसों निवासी अरुण प्रकाश के अतिरिक्त बहुत लोगों ने इसके औषधीय गुणों के कारण स्वयं ही जागरूक होकर हमारे यहां से ले जाकर अपने घर आंगन में लगाकर इसके प्रयोग कर रहे हैं। तुलसी की श्यामा प्रजाति आध्यात्मिक एवं औषधि गुणों के कारण ज्यादा महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि कोरोना काल से लेकर लगातार तुलसी के पौधे को लोग ले जा रहे हैं। जिसे वह अपने घर पर तैयार कर लोगों को वितरित कर रहे हैं।
हर घर के आंगन के लिए महत्वपूर्ण है तुलसी का पौधा : आचार्य ओम प्रकाश
आचार्य ओम प्रकाश शास्त्री ने बताया कि हिंदू धर्म में आस्था रखने वाले सभी घरों के आंगन में अनिवार्य रूप से तुलसी का पौधा होना चाहिए। धर्म ग्रंथों में तुलसी को साक्षात मां लक्ष्मी का रूप माना गया है। परिवार के सभी सदस्यों को नित्य तुलसी का जलाभिषेक करना चाहिए। सुख और समृद्धि के साथ कष्टों के निवारण के लिए तुलसी की पूजा अवश्य करनी चाहिए।
तुलसी औषधीय गुणों से भरपूर
कोरडेट के जैव वैज्ञानिक डॉ.हरीश चंद्र ने बताया कि तुलसी का आध्यात्मिक महत्व के साथ औषधीय गुणों से भरपूर होने के नाते इसका महत्व अधिक है। कोरोना काल में सभी चिकित्सा विशेषज्ञों ने तुलसी के पत्ते का काढ़ा बनाकर नित्य सेवन की सलाह दी। तुलसी में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने की क्षमता के साथ स्वास्थ संबंधी सभी समस्याओं के निदान के साथ बुखार के लिए इसका काढ़ा रामबाण का काम करता है।