प्रतापगढ़ में जमीन के विवाद में दो पक्षों में मारपीट व फायरिंग, आठ घायल, तीन को गोली लगी Prayagraj New
पुलिस ने मौके से गोली चलाने वाले आरोपित युवक अभयराज को हिरासत में लिया है जबकि अन्य आरोपित फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रतापगढ़ जनपद में कंधई थाना क्षेत्र के रठवत गांव की पिछड़ी जाति बस्ती में भूमि विवाद को लेकर दो पक्ष भिड़ गए। रविवार की सुबह आमने-सामने हुए दोनों पक्षों के लोगों में मारपीट होने लगी। लाठी-डंडा और ईंट-पत्थर के साथ ही फायरिंग की हुई। मारपीट में दोनों तरफ के आठ लोग जख्मी हो गए। इनमें से गोली से तीन अधिक जख्मी हैं, जिन्हें प्रयागराज रेफर किया गया है। अन्य को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है जबकि अन्य की तलाश कर रही है।
लाठी-डंडे व ईंट-पत्थर के साथ फायरिंग भी की गई
रठवत गांव में पिछड़ी जाति बस्ती के रहने वाले जयराम और राजाराम के बीच जमीन का विवाद चल रहा है। एक बार फिर रविवार की सुबह इसी विवाद ने उग्र रूप ले लिया। पहले तो विवाद हुआ जब मामला बढ़ा तो दोनों तरफ से जुटे लोग भिड़ गए। इस दौरान लाठी-डंडे व ईंट-पत्थर के साथ फायरिंग भी की गई। मारपीट में राजाराम पक्ष से सात लोग व जयराम की ओर से एक घायल हुआ। घायलों में श्यामू, बृजेश पुत्र राजाराम, सत्यम पुत्री बृजेश, श्यामकली पत्नी श्यामू, सीताराम, अशर्फीलाल पुत्र हरिश्चंद्र, आशा पत्नी हरिश्चंद्र व टेढू हैं।
फायरिंग में तीन गंभीर, एक आरोपित हिरासत में, अन्य की तलाश
मारपीट व फायरिंग की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। वहां डॉक्टर ने गोली लगने से घायल श्यामू, सत्यम और टेढू को प्रयागराज के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। उधर पुलिस ने मौके से गोली चलाने वाले आरोपित युवक अभयराज को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपित फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
जमीन के विवाद में चली गोली, आधा दर्जन घायल
हंडिया थाना क्षेत्र के बिगहिया गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में गोली चली, जिसमें आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनो पक्षों से एक एक लाइसेंसी बंदूक बरामद किया। पुलिस के अनुसार गांव निवासी त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी व राजेश त्रिपाठी के बीच जमीन को लेकर काफी दिन से विवाद चल रहा था। इसी को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट और फायरिंग। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया है। वहीं जख्मियों को सीएचसी उपरदहा में इलाज हो रहा है।