डॉ. जोशी ने पूछा कैसा चल रहा धंधा, जवाब मिला मंदा
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मुरली मनोहर जोशी आठ माह बाद
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मुरली मनोहर जोशी आठ माह बाद अपने गृहनगर इलाहाबाद आए तो पुराने नेताओं, कार्यकर्ताओं का जमघट लग गया। टैगोर टाउन स्थित उनके आवास पर सोमवार की शाम मिलने वालों की भीड़ इकट्ठा होने लगी। पुराने लोगों को अपने बीच पाकर डॉ. जोशी भी प्रफुल्लित नजर आए, सबका कुशलक्षेम पूछा। इसी बीच वह व्यापार करने वाले पार्टी के एक वरिष्ठ नेता से पूछ बैठे 'कैसा चल रहा है धंधा'? यह सुनकर नेता जी का दर्द छलक उठा, बोले 'डॉ. साहब बहुत मंदा, जीएसटी से सब चौपट हो गया है'। यह सुनकर डॉ. जोशी थोड़ा हैरान व परेशान नजर आए। कुछ देर शांत रहे, फिर दो-तीन मिनट की चुप्पी तोड़ते हुए बोले, 'सरकार ने जीएसटी को लेकर कुछ बदलाव तो किया है, धैर्य रखो उससे राहत मिलेगी..'। डॉ. जोशी की बात खत्म होती उसके पहले वह नेताजी पुन: बोल पड़े, 'मुझे भी यही आसा है, पर कुछ होता दिख नहीं रहा'। डॉ. जोशी ने उनकी बात को अनसुना करते हुए अपने करीबी पूर्व जिलाध्यक्ष राघवेंद्रनाथ मिश्र व नरेंद्रदेव पांडेय से मुखातिब होकर नगर निकाय चुनाव की तैयारियों की चर्चा छेड़ दी। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी की स्थिति की जानकारी ली। दोनों नेताओं ने उन्हें विस्तार से सारी जानकारी दी। इसके पहले अलोपीबाग चुंगी पर माला पहनाकर डॉ. जोशी का भव्य स्वागत हुआ। इसमें महानगर अध्यक्ष अवधेश गुप्त, शिवदत्त पटेल, दिवाकरनाथ त्रिपाठी, मुरारीलाल अग्रवाल, अशोक दुबे, अनामिका चौधरी, देवेंद्रनाथ मिश्र, रामदेव कोल, शशि वाष्र्णेय, रणजीत सिंह, रवींद्र मिश्र, बृजेश गुप्त, रतन टंडन, भोला धवन, प्रेम केसरवानी, अजय त्रिपाठी शामिल रहे।