Dhanteras 2022: टर्किश व फ्यूजन ज्वैलरी की डिमांड, धनतेरस पर बर्तन व इलेक्ट्रानिक बाजार में रौनक
Dhanteras 2022 दो वर्ष तक कोरोना वायरस संक्रमण की मार झेल रहे बाजार में इस दीपावली बार रौनक है। धनतेरस और दीपावली के बाजार सजे हैं। धनतेरस पर आज आभूषण बर्तन इलेक्ट्रानिक सामानों की दुकानों पर जमकर खरीदारी हो रही है। दुकानदार भी उत्साहित हैं।
प्रयागराज, जागरण संवाददाता। Dhanteras 2022 धनतेरस पर परंपरागत खरीदारी यानी बर्तन आदि के साथ कुछ विशिष्ट आइटम भी आकर्षण का केंद्र बने हैं। आभूषण बाजार में रौनक है। ज्वैलरी के बड़े शोरूम से लेकर छोटी-छोटी दुकानों में ग्राहकों की भीड़ नजर आ रही है। अपने पसंद के आभूषण खरीदे जा रहे हैं। महिलाओं की खास पसंद बने हैं टर्किश व फ्यूजन ज्वैलरी। यह हल्के आभूषण की बिक्री को लेकर सर्राफ भी उत्साहित हैं।
कोरोना के बाद इस बार बाजार में रौनक तेज : दो वर्ष तक कोरोना वायरस संक्रमण की मार झेल रहे दीपावली के इस बार रौनक है। धनतेरस और दीपावली के बाजार सजे हैं। धनतेरस पर आज शनिवार को ज्वैलरी के बड़े शोरूम से लेकर छोटी-छोटी दुकानों में ग्राहकों की भीड़ है।
लाइट ज्वैलरी महिलाओं को पसंद आ रही : बदलते समय के साथ इस बार लाइट वेट (वजन में हल्की) ज्वैलरी महिलाओं की पसंद बनी हुई है। दुकानदारों की मानें तो इस बार टर्किश ज्वैलरी महिलाओं की पहली पसंद बनी हुई है। यह देखने में वजनी, लेकिन वजन में हल्की होती है। वहीं फ्यूजन ज्वैलरी भी महिलाओं को आकर्षित कर रहा है। यह दोनों आभूषण 22 व 24 कैरेट में मौजूद है।
डायमंड वाली ज्वैलरी की भी डिमांड : इस दीपावली सोने के आभूषणों के साथ ही डायमंड वाले ज्वैलरी की भी मांग बढ़ी है। शहर में स्थित छोटे-छोटे दुकानों पर महिलाएं एडवांस रुपये देकर गहनों की बुकिंग कराई थी। सोने की शुद्धता को प्रदर्शित करने वाली हालमार्क ज्वैलरी की मांग भी तेज है। बिना हालमार्क वाली ज्वैलरी भी कुछ लोग खरीद रहे हैं। चांदी के आभूषण के साथ ही सोने के सिक्कों की भी बिक्री तेज है। सोने के एक ग्राम से 10 ग्राम तक के सिक्के खरीद रहे। वहीं चांदी के सिक्कों की मांग पहले की तरह ही बरकरार है। इसके साथ ही लोग चांदी के बर्तनों की भी खरीदारी कर रहे हैं।
500 करोड़ के कारोबार का अनुमान : प्रयागराज के कारोबारियों का दावा है कि इस बार धनतेरस पर 500 करोड़ से अधिक के कारोबार की उम्मीद है।
बर्तन बाजार की बढ़ गई चमक : मान्यता है कि धनतेरस के दिन खरीदारी से घर में समृद्धि आती है। इस दिन बर्तन खरीदने की परंपरा भी है। पुराने शहर के चौक ठठेरी बाजार बर्तनों का प्रमुख मार्केट है। स्टील के प्रेशर कुकर, पूजन की थाली, इंडक्शन चूल्हा के साथ क्राकरी आदि की भी काफी नई वैरायटी बाजार में उपलब्ध है।
वाहनों के शोरूम व मोबाइल की दुकान में भीड़ : वाहनों की बुकिंग तो पहले ही हो चुकी है, आज धनतेरस पर उन्हें खरीदने के लिए शोरूमों पर लोगों की भीड़ उमड़ी है। धनतेरस शनिवार को है, इस दिन लोहा खरीदने से परहेज किया जाता है। ऐसे में कई लोगों ने कल ही वाहन खरीदे थे तो कई ने कल यानी रविवार को लेने का मन बनाया है। वहीं मोबाइल के दुकानों पर भी लोगों की भीड़ उमड़ी है।
इलेक्ट्रानिक आइटमों की धूम : धनतेरस पर शहर के तमाम बाजारों में इलेक्ट्रानिक्स आइटम की तमाम दुकानें सजी हैं। जानसेनगंज, सिविल लाइंस, कटरा, विवेकानंद मार्ग आदि बाजार में स्थित इलेक्ट्रानिक्स शोरूम में फ्रिज, वाशिंग मशीन आदि की बिक्री हो रही है।