फूलों की खुशबू से होगा कुंभ में आने वाले श्रद्घालुओं का स्वागत
जहां से उठती है दुर्गंध वहां से अब फूलों की खुशबू उठेगी। कुंभ में आने वाले यात्रियों का स्वागत इसी खुशबू से होगी। इसके लिए एडीए तीन सड़कों को लैंडस्केपिंग से खूबसूरत बना रहा है।
प्रयागराज : कुंभ पर पुण्य की डुबकी लगाने के लिए प्रयागराज आने वाले श्रद्धालुओं का शहर में प्रवेश करते ही फूलों की खुशबू से स्वागत होगा। इसके लिए इलाहाबाद विकास प्राधिकरण (एडीए) तीन सड़कों को लैंडस्केपिंग से खूबसूरत बना रहा है। सड़कों के किनारे सुगंध देने वाले फूल (चंपा, गंधराज, हरसिंगार) लगवाए जा रहे हैं। एमजी मार्ग, वाराणसी रोड और यमुना बैंक रोड पर इसका काम तेजी से चल रहा है।
एडीए कुंभ के मद्देनजर शहर को खूबसूरत बनाने के लिए सभी रेलवे ओवर ब्रिज और फ्लाई ओवर के नीचे हरियाली के लिए काम करवा रहा है। इसके अलावा तीन सड़कों को लैंडस्केपिंग से आकर्षित बनाया जा रहा है। वाराणसी, जौनपुर, आजमगढ़, गोरखपुर की ओर से आने वाले श्रद्धालु जैसे ही अंदावा मोड़ से आगे बढ़ेंगे, फूलों की खुशबू उनका स्वागत करेगी। अंदावा मोड़ से शास्त्री पुल तक सड़क के दोनों तरफ फूल व छायादार पौधे लगाए जाएंगे। लैंडस्केपिंग से सड़क दोनों तरफ खूबसूरत दिखाई देगी। रात में रोशनी से लैंडस्केपिंग चमक उठेगी। ऐसे ही श्रद्धालु जब सिविल लाइंस हनुमान मंदिर से संगम की तरफ बढ़ेंगे तो सीएमपी डिग्री कालेज तक ऐसा ही माहौल रहेगा।
बोट क्लब भी महकेगा, बढ़ेगा आकर्षण :
पुराने यमुना पुल से होकर बोट क्लब तक जाने में अभी पुल के बगल कूड़े का अंबार होने पर लोग रुमाल से मुंह बांध लेते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। जैसे ही लोग पुराने यमुना पुल से बाएं तरफ बढ़ेंगे तो फूलों की खुशबू उनके मन को तरोताजा कर देगी। नदी के किनारे 300 मीटर तक नया पार्क बनाया जा रहा है, जहां पर कूड़े का अंबार होता था वहां पर अब लोग सुबह-शाम सैर-सपाटा कर सकेंगे।
खास बातें :
-हनुमान मंदिर से लेकर सीएमपी डिग्री कालेज तक 1460-1460 मीटर में 45 ब्लॉक में लैंडस्केपिंग।
-अंदावा मोड़ से शास्त्री पुल तक 3000-3000 मीटर में 25 ब्लॉक में लैंडस्केपिंग
-यमुना के पुराने पुल के नीचे से बोट क्लब तक 300 मीटर में लैंडस्केपिंग
-7 करोड़ से अधिक होगा लैंडस्केपिंग पर खर्च
लैंडस्केपिंग के तहत तीन सड़कों को खूबसूरत बनाया जा रहा है। सड़क के दोनों तरफ खुशबू वाले फूल लगाए जाएंगे, ताकि कुंभ में जब श्रद्धालु आएं तो महक से उन्हें ताजगी मिल सके। एमपी मार्ग, वाराणसी रोड और यमुना बैंक रोड पर इसका काम तेज गति से चल रहा है।
-भानु चंद्र गोस्वामी, उपाध्यक्ष, इलाहाबाद विकास प्राधिकरण