महाशिवरात्रि पर हर-हर महादेव के जयकारे से गूंज उठे शिवालय
महाशिवरात्रि के अवसर पर सोमवार को शहर व ग्रामीण इलाके में स्थिति शिव मंदिरों में पूजन-अर्चन को भक्तों की भीड़ जुटी है। हर-हर महादेव के जयकारे से मंदिर क्षेत्र गूंज रहा है।
प्रयागराज : आस्था, उल्लास और परंपरा के साथ महाशिवरात्रि का पर्व मनाया जा रहा है। सुबह से ही शिव मंदिरों में आस्था की भीड़ उमड़ पड़ी। भगवान शिव को जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और पूजन-अर्चन करने के लिए भक्त जुटे हैं। सोमवार होने के कारण भीड़ और भी बढ़ गई है।
जयकारे से गूंज रहे शिवालय
महाशिवरात्रि पर्व पर सभी शिव मंदिरों में बम-बम की गूंज सुनाई दे रही है। किले के समीप यमुना तट पर स्थित मनकामेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ अधिक है। वहीं अरैल में सोमेश्वरनाथ मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजन-अर्चन कर रहे हैं। लंबी लाइन में लगकर भक्त ऊं नम: शिवाय का उद्घोष करते हुए अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। सिविल लाइंस स्थित हनुमान मंदिर स्थित शिव मंदिर समेत फाफामऊ में पडि़ला महादेव समेत अन्य मंदिरों में शिव पूजा मानस समिति प्रयाग की ओर से महोत्सव का आयोजन जा रहा है।
उल्लास के साथ निकलेगी शिव बरात
महाशिवरात्रि पर आज शाम पांच बजे से कटरा में भव्य शिव बरात निकलेगी। बरात की शोभा बढ़ाने के लिए आगरा की प्रसिद्ध बैंड पार्टी, काशी का डमरू दल, ध्वजा पताका, हाथी-घोड़े, रथ, मनमोहक झाांकियां, पाइप बैंड, भांगड़ा व अन्य आकर्षक चौकियां शामिल होंगी। शिव बरात का नेतृत्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी करेंगी। समिति के अध्यक्ष उमेश केसरवानी ने शहरवासियों का आह्वान किया है कि बड़ी संख्या में हिस्सा लेकर शोभा बढ़ाएं।
आकर्षक होगा अखाड़ा त्रिशूल नंदी दर्शन शोभायात्रा
शिवशक्ति सेना की ओर से महाशिवरात्रि पर्व पर अखाड़ा त्रिशूल नंदी दर्शन शोभायात्रा निकलेगी। रथ पर विराजमान भगवान शंकर की सवारी होगी, उसके साथ ही 21 ब्राह्मण वेद मंत्रों का उच्चारण करते हुए शोभायात्रा के साथ चलेंगे। संचालक प्रमुख अजय गुप्ता ने बताया कि शोभा यात्रा कमोरी महादेव मंदिर से उठकर जानसेनगंज होते हुए हिम्मतगंज सिंधी धर्मशाला पहुंचेगी। यहां चारों वेदों की पूजा के बाद यात्रा विवेकानंद मार्ग स्थित राममंदिर पर समाप्त होगी।