प्रदेश में बनेंगे 80 नए स्टेट हाईवे : डिप्टी सीएम केशव मौर्य Prayagraj News
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को प्रयागराज में थे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में स्टेट हाईवे बनाए जाएंगे। कहा कि हर विधानसभा क्षेत्र को दो छोटे ब्रिज बनेंगे।
प्रयागराज, जेएनएन। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सड़कों के मामलों में प्रदेश सरकार एक और महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी 80 लोकसभा क्षेत्रों में एक-एक नए स्टेट हाईवे की सौगात सरकार देने जा रही है। इसके अलावा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्रों में छोटी नदियों, नालों व नहरों पर दो-दो छोटे पुल बनाने का भी सरकार ने फैसला किया है। उन्होंने बताया कि यह कार्य शीघ्र ही शुरू करा दिया जाएगा।
केशव ने प्रदेश में नई विकास योजनाओं की जानकारी दी
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद बुधवार शाम सर्किट हाउस में मीडिया से मुखातिब हुए। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में नई विकास योजनाओं के बारे में जानकारी दी। बताया कि एक्सप्रेस-वे, राष्ट्रीय राजमार्ग व स्टेट हाईवे के किनारे कई स्थानों पर पिछली सरकारों ने सर्विस रोड का निर्माण नहीं कराया। अब प्रदेश सरकार प्राथमिकता के आधार पर इन मार्गों पर सर्विस रोड का निर्माण कराया जाएगा। बताया कि वह एक्सप्रेस-वे पर जा रहे थे तो इस समस्या से परेशान लोगों की उन्होंने पीड़ा देखी।
बोले, सड़कें किसी भी राज्य के विकास की परिचायक होती हैं
डिप्टी सीएम ने बताया कि एक्सप्रेस-वे, राष्ट्रीय राजमार्ग व स्टेट हाईवे के किनारे की ढाई सौ से ज्यादा वाले मजरों व पांच किमी दूर तक के गांवों को मुख्य सड़क से जोड़ा जा रहा है। तहसील मुख्यालय से ब्लॉक मुख्यालय को जोडऩे का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। कहा कि अमेरिका इसलिए भी संपन्न है कि वहां की सड़कें बेहतरीन हैं। सड़कें किसी भी राज्य के विकास की परिचायक होती हैं। इसीलिए यह सरकार सड़कों पर ज्यादा जोर दे रही है, जिससे लोगों को आवागमन में सुविधा हो। उप मुख्यमंत्री ने बताया कि सड़कों का गुणवत्तायुक्त निर्माण तीव्र गति से नई तकनीक से कराया जा रहा है।
सड़कों के किनारे लगाए जाएंगे देशी पौधे
डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रदेश में लोक निर्माण विभाग की लगभग ढाई लाख किमी की सड़कें हैं। इन सड़कों के किनारे जहां भी स्थान है, वहां देशी पौधे लगाए जाएंगे। इनमें पीपल, बरगद, गूलर, नीम आदि के पौधे शामिल हैं। उन्होंने यह भी बताया कि हर्बल सड़कों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। बताया कि सड़कों के किनारे पौधरोपण का कार्य जल्द ही शुरू कराया जाएगा।
कानून व्यवस्था पर उठाए जा रहे सख्त कदम
प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सख्त कदम उठा रही है। कहा कि कुछ घटनाएं हुई हैं मगर उनका पर्दाफाश भी हुआ है। अपराधियों को जेल भेजा गया है। पहले की सरकारों की तरह अब अपराधियों को संरक्षण नहीं दिया जा रहा है। जेलों में भी अपराधियों पर शिकंजा कसा जा रहा है। जेलों में सख्ती किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पुलिस और प्रशासनिक अफसर जेलों में औचक छापेमारी भी कर रहे हैं।