Citizenship Amendment Act : डिप्टी सीएम केशव बोले-सोनिया पुत्र अपना नाम राहुल फिरोज खान लिखें Prayagraj News
नागरिकता संशोधन कानून को लेकर हो रहे आंदोलन पर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य बोले कि आंदोलन को प्रियंका गांधी हवा न दें। डिप्टी सीएम प्रयागराज दौरे पर थे।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने वीर सावरकर पर दिए गए बयान को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर पलटवार किया है। कहा कि कांग्रेस के मंच से पूरे देश के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का अपमान हुआ है। अब तो सोनिया गांधी के पुत्र राहुल गांधी को अपना नाम राहुल फिरोज खान लिखना शुरू कर देना चाहिए।
बोले, नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ आंदोलन को प्रियंका वाड्रा हवा न दें
डिप्टी सीएम सर्किट हाउस में मीडिया से मुखातिब थे। उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ आंदोलन को प्रियंका वाड्रा हवा न दें। कहा कि सरकार ने देशहित में फैसला लिया है। इस कानून का देशवासी स्वागत कर रहे हैैं। इसके विरोध की जद में गहरी साजिश है। इसमें कांग्रेस, टीएमसी, सपा और बसपा का हाथ है, जिसे देश और प्रदेश की जनता भलीभांति समझ रही है और आने वाले समय में इसका करारा जवाब इन दलों को देगी।
केशव ने कहा- इन्हीं पार्टी के नेताओं के बयान से आंदोलन शुरू हुआ है
केशव मौर्य ने कहा कि इन्हीं पार्टी के नेताओं के बयान से आंदोलन शुरू हुआ है। प्रदेश सरकार शांति का आह्वïान कर रही है लेकिन जो लोग कानून को अपने हाथ में ले रहे हैैं, उनके साथ कठोरता के साथ निपटा जाएगा। अराजकतत्वों पर सरकार की पैनी नजर है। देश विरोधी तत्वों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में बहुत से शैक्षणिक संस्थान हैैं, मगर जामिया मिल्लिया और एएमयू तथा नदवा में ही उग्र आंदोलन हो रहा है, इसे जनता देख रही है। राष्ट्रीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले अराजकतत्व चिह्नित किए जा रहे हैैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई कराई जा रही है।