धारा 370 हटाने के लिए सरकार है कृत संकल्पित : केशव मौर्य
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने धारा 370 हटाने के मामले में कहा। बोले कि इसे हटाने के लिए सरकार संकल्पित है। कहा कि सभी ठगबंधन ध्वस्त हो गए।
प्रयागराज, जेएनएन। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कश्मीर से धारा 370 हटाने के लिए भाजपा सरकार कृत संकल्पित है। डिप्टी सीएम बुधवार को शहर में थे। सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं के बीच उन्होंने कहा कि विपक्ष का भाजपा एवं मोदी रोको अभियान जनता जनार्दन के आशीर्वाद से चकनाचूर हो गया। सभी गठबंधन विफल रहे।
कहा, जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं का परिश्रम
उप मुख्यमंत्री ने दावा किया कि अगले 50 वर्ष केंद्र एवं प्रदेश में सिर्फ और सिर्फ भाजपा की ही सरकार रहेगी। जीत का श्रेय अटल विहारी वाजपेयी की भविष्यवाणी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के परिश्रम को दिया।
बोले, जनता को नरेंद्र मोदी पर पूरा विश्वास
विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करने पहुंचे उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता को नरेंद्र मोदी पर पूरा विश्वास है। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में पांच वर्ष में विकास की जो धारा बहाई है, वह इतिहास के पन्नों में दर्ज होगी। अगले पांच वर्ष में धारा 370 हटाने, घुसपैठियों को निकालने और संकल्प पत्र में की गई घोषणाओं को क्रियान्वित करने के लिए सरकार कृत संकल्पित है। कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। सर्किट हाउस में उन्होंने पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। अफसरों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। कार्यकर्ताओं से कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ असली पात्रों को मिले, इसके लिए उन्हें पहरेदार की भूमिका में रहना पड़ेगा।
डॉ. कमला को दी श्रद्धांजलि
डिप्टी सीएम ने पूर्व महानगर अध्यक्ष डॉ. कमला सिंह के निवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। डा. कमला सिंह का बीते दिनों निधन हो गया था। वह गंगापार अध्यक्ष कन्हैयालाल पांडेय के आवास पर भी गए तथा उनके पिता के निधन शोक जताया। राजू राय, सुरेश मौर्य तथा कमलेश कुमार के घर भी वह शोक जताने पहुंचे। हाल ही में सोरांव इलाके में मारे गए मृतकों के परिजनों को भी ढांढस बंधाया। फूलपुर की सांसद केशरी देवी पटेल के आवास पर जाकर उनसे शिष्टाचार भेंट की।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप