Magh Mela 2021 : आज माघ मेला की तैयारियों की समीक्षा करेंगे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या
सेतु निगम की निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। वह दो बजे अलोपीबाग स्थित स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती के आश्रम जाएंगे और वहां पर चल रहे आराधना महोत्सव में शामिल होंगे। अगले दिन दोपहर 1205 बजे दुर्वासा आश्रम ककरा जमुनीपुर जाएंगे।
प्रयागराज, जेएनएन। माघ मेला की तैयारियों का जायजा लेने के लिए सोमवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या शहर आ रहे हैं। 12:30 बजे वह सर्किट हाउस में मेला की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। साथ ही लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ भी बैठक करेंगे। इसके बाद वह लोक निर्माण विभाग, निर्माण निगम और सेतु निगम की निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। वह दो बजे अलोपीबाग स्थित स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती के आश्रम जाएंगे और वहां पर चल रहे आराधना महोत्सव में शामिल होंगे। अगले दिन दोपहर 12:05 बजे दुर्वासा आश्रम ककरा जमुनीपुर जाएंगे।
जेई संघ का आंदोलन खत्म, काम भी हो गया शुरू
माघ मेला में पांटून पुलों का निर्माण करवा रहे जूनियर इंजीनियरों ने रविवार को स्टोर पर धरना दे दिया। इससे मेले का काम ठप हो गया। मौके पर पहुंचे अधीक्षण अभियंता ने उनकी मांगों को मानते हुए पुलों का काम शुरू करवाया। माघ मेला के लिए गंगा पर पांच पांटून पुल का निर्माण कार्य चल रहा है। इसमें महावीर पुल का निर्माण जेई मुन्ना कुमार करवा रहे हैं। इस पुल के ठेकेदार की शिकायत पर अधिशासी अभियंता सुनील कठेरिया ने जेई को हटा दिया। इससे अन्य जेई आक्रोशित हो गए और पुलों का काम बंद करके गोदाम पर धरना दिया। दोपहर को अधीक्षण अभियंता अशोक द्विवेदी मौके पर पहुंचे। जूनियर इंजीनियरों ने कहा कि ठेकेदारों के कहने पर यदि ऐसी कार्रवाई हुई तो उनके लिए काम करना मुश्किल हो जाएगा। अधीक्षण अभियंता ने कहा कि इस मामले में दोनों पक्षों को सुना जाएगा। किसी के साथ अन्याय नहीं होगा।