केशव प्रसाद मौर्य का प्रयागराज में बड़ा आश्वासन, बोले- किसी गांव में अब पानी संकट नहीं होगा
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से प्रयागराज में ग्रामीणों से मुलाकात कर समस्याओं से अवगत हुए। अधिकांश स्थानों पर पेयजल समस्या की शिकायत की गई। इस पर केशव मौर्य ने आश्वासन दिया कि अब किसी भी गांव में पानी का संकट नहीं होगा।
प्रयागराज, जागरण संवाददाता। यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य इन दिनों प्रयागराज में हैं। वह दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को आए हैं। उन्होंने जन प्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों से संवाद किया। लोगों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीण क्षेत्र से आए लोगों ने सभी जगहों पर पानी की समस्या बताई। खासकर यमुनापार के लोगों ने कहा, पीने के पानी के लिए कई किलोमीटर दूर का सफर करना पड़ता है। इस पर उप मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि अब पानी का संकट नहीं होगा। इसके लिए सरकारी योजनाएं और स्थानीय स्तर पर प्रयास शुरू हो चुके हैं।
नेता प्रतिपक्ष से केशव ने की मुलाकात : डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने छत्तीसगढ़ विधान सभा के नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक से मुलाकात की। उन्होंने उनका हालचाल जाना।
लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारी में जुटने का आह्वान : प्रतिनिधियों से संवाद में उप मुख्यमंत्री ने सभी से लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारी में अभी से जुट जाने का आह्वान किया। मौजूद लोगों से कहा कि सभी गांव मेंं अमृत जल सरोवर योजना के तहत तालाब निर्माण कराए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त ग्रामीण उत्पादों के लिए बाजार की भी व्यवस्था की जा रही है।
23 जिपं सदस्यों ने भाजपा की सदस्यता ली : जिला पंचायत अध्यक्ष डा. वीके सिंह की मौजूदगी में 23 जिला पंचायत सदस्यों ने भाजपा की सदस्यता ली। इसी क्रम में सर्किट हाउस में नगर निगम के पार्षदों के साथ भी बैठक हुई। नगर निगम चुनाव जीतने की भी रणनीति बनाई गई। इस दौरान भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य, सांसद केसरी देवी पटेल, विधायक राजमिण कोल, गुरु प्रसाद मौर्य, एमएलसी डा. केपी श्रीवास्तव, पूर्व विधायक दीपक पटेल, पवन श्रीवास्तव, अश्वनी दुबे, विभवनाथ भारती आदि मौजूद रहे।
डिप्टी सीएम ने कहा कि संगम नगरी से मेरा जुड़ाव कम नहीं होगा : करीब दो महीने बाद प्रयागराज आए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि संगम नगरी से मेरा जुड़ाव कम नहीं होने पाएगा। यह मेरी कर्म भूमि है। यहां का विकास मेरा पहला दायित्व है। प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान मेरा सम्मान है। संगठन के किसी भी सिपाही के सम्मान पर आंच नहीं आने दूंगा।
केशव बोले, सपा अब समाप्तवादी पार्टी बनने की ओर अग्रसर : केशव मौर्य ने सपा और बसपा को आड़े हाथों लिया। बोले कि प्रदेश की राजनीति में कांग्रेस और बसपा का अस्तित्व समाप्त हो चुका है। समाजवादी पार्टी अब समाप्तवादी पार्टी होने की कगार पर है। प्रयागराज भाजपा का गढ़ है, था और रहेगा। इस मौके पर विधान परिषद सदस्य सुरेंद्र चौधरी, कुमार नारायण, कुंज बिहारी मिश्रा, देवेश सिंह, कुंदन यादव, वरुण केसरवानी, शशि वार्ष्णेय, सुबोध सिंह आदि मौजूद रहे।