Lockdown में UP के डिप्टी सीएम केशव मौर्य कम्यूनिटी किचेन शुरू, जरूरतमंदों में बांटा भोजन Prayagraj News
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लॉक डाउन में जरूरतमंदों और गरीबों को भोजन कराने के लिए कम्यूनिटी किचेन शुरू कराया है।
प्रयागराज, जेएनएन। कोरोना वायरस के कारण पूरे देश में पीएम नरेंद्र मोदी ने लॉकडाउन घोषित किया है। ऐसे में कामकाज ठप होने के कारण गरीबों, असहायों को काम नहीं मिल रहा है। इससे उनके समक्ष भुखमरी की समस्या उत्पन्न हो गई है। ऐसे में जरूरतमंदों को भोजन कराने के लिए शहर के लोग जी-जान से लगे हुए हैं। इसी कड़ी में प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भी आगे आए हैं। उन्होंने भी जरुरतमंदों के लिए कम्यूनिटी किचन शुरू कराया है।
जिला व पुलिस ने प्रशासन ने कम्युनिटी किचेन का भोजन वितरित किया
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के निर्देश पर भाजपा कार्यकर्ताओं दिलीप श्रीवास्तव, अरुण अग्रवाल व रवि केशरवानी ने कम्यूनिटी किचेन में भोजन बनवाया। इसके बाद भोजन को पैकेट में पैक कराकर जिला प्रशासन और पुलिस को मुहैया कराया। प्रशासन ने भोजन को जरुरतमंदों में बांटा।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने बांटे भाेजन के पैकेट
इसी तरह शहर पश्चिमी क्षेत्र में कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह के निर्देश पर कार्यकर्ताओं ने 457 जरुरतमंद लोगों को खाद्यान्न सामग्री और भोजन के पैकेट वितरित किए। इस दौरान लोगों को घरों में रहने के लिए जागरूक भी किया गया। इसमें गौरव गुप्ता, राकेश जैन, आभा सिंह, किरण सिंह, रंजन शुक्ला, संजय द्विवेदी, भाष्कर मिश्र मौजूद रहे।
यमुनापार में बांटी गई मोदी राशन सामग्री किट
भाजपा यमुनापार के अध्यक्ष विभवनाथ भारती, अनुज सिंह, बृजेश पांडेय, ज्ञानचंद्र ने अरैल क्षेत्र में मोदी राशन सामग्री किट का वितरण किया। दूसरी ओर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से सृजन बिहार, केशव बस्ती में बीमार व गरीब लोगों को चाय, बिस्कुट का वितरण किया गया। चिकित्सकों की मदद से गरीब और बेसहारा बीमार लोगों को दवा वितरित कराई गई। मनोज, भूपेंद्र, राजेश्वर सिंह, आशुतोष त्रिपाठी, अमित मिश्रा, घनश्याम, कैलाश प्रकाश पाठक मौजूद रहे।