Dengue in Prayagraj: प्रयागराज में डेंगू का अधिक प्रकोप, अब तक 7 मौतें हो चुकी है, पिछली बार 2 की हुई थी मौत
Prayagraj Dengue News मलेरिया विभाग की रिपोर्ट के अनुसार एक जनवरी से अब तक 1223 लोगों को डेंगू हो चुका है। इनमें 1168 लोग स्वस्थ हो गए हैं। अब तक डेंगू से सात लोगों की मौत हुई। 2021 में डेंगू से 1200 पीडि़त व 2 मौत हुई थी।
प्रयागराज, जागरण संवाददाता। Dengue in Prayagraj प्रयागराज में डेंगू बेकाबू हो गया है। डेंगू से लड़ने के तमाम दावे के बाद भी डेंगू मच्छरों का प्रकोप थम नहीं रहा है। व्यवस्था का दावा तो किया जा रहा है लेकिन धरातल स्थल पर ये नाकाफी ही है। पिछले 24 घंटे में डेंगू से तीन लोगों की मौत हुई, जबकि 26 नए मरीज बीमारी की गिरफ्त में आ गए हैं। डेंगू को लेकर लोगों में दहशत का माहौल है।
गर्ल्स हाईस्कूल की छात्रा की मौत : डेंगू से पीड़ित शहर के गर्ल्स हाईस्कूल की 12वीं की छात्रा सुचि शुक्ला की प्राइवेट अस्पताल में मौत हो गई। यमुनापार के शंकरगढ़ क्षेत्र में चार वर्षीय बच्चे सहित दो लोगों की मौत डेंगू से हुई। राजरूपपुर निवासी सुचि शुक्ला को कई दिनों से बुखार था। हालत पिछले दिनों ज्यादा बिगड़ गई थी और निधन हो गया। प्रिंसिपल विनीता इसूवियस ने बताया कि छात्रा उनके स्कूल में 2010 से पढ़ाई कर रही थी। वह नृत्य व अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों में पारंगत थी।
शंकरगढ़ में बालक व युवक की मौत : यमुनापार के शंकरगढ़ के ग्राम पंचायत लोहरा में दीपक केवट के चार वर्षीय पुत्र अभी की डेंगू से मौत हो गई। गांव के ही 11 वर्षीय राज भी बीमार है। ग्राम पंचायत चौखटा के 42 वर्षीय मानिकचंद आदिवासी की भी डेंगू से मौत हो गई।
शंकरगढ़ में फागिंग व एंटी लार्वा का नहीं हो रहा छिड़काव : डेंगू का प्रभाव शंकरगढ़ में अधिक है। अनेक घरों में लोग बीमार हैं। आरोप है कि न कहीं फागिंग हो रही है और न ही एंटी लार्वा का छिड़काव किया जा रहा है। देवरा, सतपुरा, झंझरा चौबे, गडैया लोनीपार, चौकठा, लोहरा, नारीबारी, सुरबल चंदेल, जरखोरी, फुलतारा, सलैया, मवैया कला, हर्रो, सीध टिकट, कोहडिया, जूही आदि ग्रामीण क्षेत्रों में भी डेंगू का प्रकोप व्याप्त है।
टूट रहा पिछला रिकार्ड : मलेरिया विभाग की रिपोर्ट के अनुसार एक जनवरी से अब तक 1223 लोगों को डेंगू हो चुका है। हालांकि इनमें 1168 लोग स्वस्थ हो गए हैं। आंकड़े दर्ज किए गए हैं कि अब तक डेंगू से सात लोगों की मौत हुई। वहीं 2021 के आंगड़े देखें तो पूरे सीजन में डेंगू से पीड़ित लोगों की संख्या 1200 से कम ही रही जबकि मौत केवल दो लोगों की हुई थी। मलेरिया विभाग के अनुसार 24 घंटे में 26 लोगों को डेंगू हुआ। प्राइवेट पैथालाजी से जांच कराकर डेंगू पुष्ट होने वाले मरीजों की संख्या इससे कहीं ज्यादा है।