प्रतापगढ़ में चार दिन पूर्व ससुराल से गायब विवाहिता का खेत में मिला शव, पुलिस का यह कहना है
प्रतापगढ़ में संग्रामगढ़ थाने के एसओ का कहना है कि महिला के शरीर पर चोट के निशान नहीं हैं। उसका शरीर काला पड़ा है। यही लग रहा है कि जहरीला पदार्थ के खाने से या जहरीला जंतु के काटने से उसकी मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कारण स्पष्ट होगा।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रतापगढ़ जनपद के संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह एक महिला का शव खेत में पड़ा मिला। वह चार दिनों से लापता थी। परिवार के लोगों ने संग्रामगढ़ पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी बेटी की हत्या कर शव ससुराल वालों ने गायब कर दिया है। पुलिस गुमशुदगी दर्ज कर छानबीन कर रही थी। शव मिलने पर फौरी तौर पर एसओ ने कहा कि जहरीला पदार्थ खाने या जहरीले जंतु के काटने से मौत हुई है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का उन्हें इंतजार भी है।
मानिकपुर थाना क्षेत्र के मऊदारा गांव निवासी शिव कुमार पटेल ने अपनी बेटी गुड़िया की शादी बीते फरवरी माह 2019 में संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के आमीपुर गांव निवासी विजय कुमार के साथ की थी। शादी के बाद गुड़िया ने एक बेटे को जन्म दिया। पिछले बुधवार की सुबह विजय ने शिव कुमार के मोबाइल पर काल करके बताया कि गुड़िया घर से गायब हो गई है। बेटी के ससुराल से गायब होने की सूचना मिलते ही स्वजन उसके घर पहुंचे और उसकी खोजबीन शुरू की है लेकिन कहीं पता नहीं चला।
मायके वालों ने गुडि़या की हत्या की जताई थी आशंका
गुडि़या के मायकेवालों ने संग्रामगढ़ पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसकी बेटी की हत्या कर शव ससुराल वालों ने गायब कर दिया है। पुलिस ने मामले में गुमशुदगी दर्ज करते हुए छानबीन शुरू कर दी। रविवार की सुबह करीब आठ बजे ग्रामीणों ने गांव के किनारे मस्जिद के बगल खेत में गुड़िया का शव पड़ा देखा। शव मिलने की सूचना पर पहुंचे एसओ संग्रामगढ़ आशुतोष त्रिपाठी मौके पर पहुंचे।
संग्रामगढ़ के एसओ-महिला के शरीर पर चोट के निशान नहीं
संग्रामगढ़ थाने के एसओ का कहना है कि महिला के शरीर पर चोट के निशान नहीं हैं। उसका शरीर काला पड़ा है, ऐसे में यही लग रहा है कि किसी जहरीला पदार्थ के खाने से या जहरीला जंतु के काटने से उसकी मौत हुई है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। मृतक गुड़िया का एक वर्ष का बेटा है। गुडि़या के स्वजन गमगीन हैं।