Prayagraj News: बंद कमरे में मिली बुजुर्ग महिला की अधजली लाश, कत्ल की आशंका जता रहे ग्रामीण
प्रयागराज में कोरांव की 62 वर्षीय महिला पांच दिन पहले अपने दूसरे घर में आई थी। बुधवार सुबह ग्रामीणों को मकान के भीतर से दुर्गंध आई तो लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। घर में बाहर से ताला बंद था। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर उसकी अधजली लाश मिली।
प्रयागराज, जागरणं संवाददाता। प्रयागराज के यमुनापार में बुजुर्ग महिला का शव मिला। शरीर का कुछ हिस्सा जला था, ऐसे में हत्या की आशंका जताई जा रही है। कोरांव के जानीपुर गांव स्थित एक मकान के बंद कमरे में लाश मिलने से खलबली मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि महिला का कुछ हिस्सा जला हुआ था। पुलिस छानबीन तो कर रही है लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत का कारण साफ हो सकेगा।
कोरांव इलाके के बंद घर में लाश : यमुनापार इलाके के कोरांव थाना क्षेत्र के बड़ोखर गांव की 62 वर्षीय गुलाब कली पत्नी मीरू का जानीपुर गांव में भी एक घर है। करीब पांच दिन पहले वह जानीपुर गांव आई थी। बुधवार सुबह ग्रामीणों को मकान के भीतर से दुर्गंध आई तो लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। घर में बाहर से ताला बंद था। थोड़ी देर में कोरांव पुलिस मौके पर पहुंची और ताला तोड़कर भीतर दाखिल हुई तो वहां महिला की लाश देख हतप्रभ रह गई। धीरे-धीरे गांव वाले भी जुटने लगे। फोरेंसिक विभाग की भी टीम पहुंची और जांच-पड़ताल कर रही है। फिलहाल ऐसा कोई क्लू पुलिस के हाथ नहीं लगा जिससे जांच की दिशा स्पष्ट हो सके।
गांववाले कत्ल की जता रहे आशंका : पुलिस ने बताया कि महिला के शरीर पर मात्र पेटिकोट ही था। कुछ दिन पहले उसका बेटा घर पर आया था और मकान में ताला लगा देख वापस चला गया था। महिला का शव मिलने से ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चा भी हो रही है। गांव के लोगों ने महिला के कत्ल की आशंका जताई है।
क्या कहते हैं एसपी यमुनापार : इस संबंध में एसपी यमुनापार सौरभ दीक्षित का कहना है कि फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच कर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।