प्रयागराज में डकैतों का धावा, दो घंटा तक लूटपाट के दौरान तीन को किया घायल Prayagraj News
गृहस्वामी घर के बाहर सो रहा था। अंदर बदमाश कहर बरपा रहे थे। घर के तीन सदस्यों को लहूलुहान करने के बाद चारपाई से बांध दिया। फिर तीन नकदी आभूषद समेत लाख रुपये का सामान ले उड़े।
प्रयागराज, जेएनएन। सीएम योगी आदित्यनाथ के प्रयागराज में बढ़ते अपराध के कारण एसएसपी को बदलने के बाद भी अपराधी निरंकुश हैं। बारा कोतवाली क्षेत्र में आज तड़के लगभग आधा दर्जन डकैतों ने एक परिवार पर हमला बोल दिया। उस समय परिवार के सभी लोग सो रहे थे। इस दौरान करीब डकैतों ने करीब दो घंटा तक लूटपाट की। गृहस्वामी के साथ ही उसकी पत्नी को चाकू मारकर घायल कर दिया।
प्रयागराज जनपद में अपराध रुकने का नाम ही नहीं ले रहा है। अभी छह हत्याओं के दहशत से लोग उबर नहीं पाए थे कि बारा में बदमाशों का सोमवार की रात में तांडव दिखा। बारा कोतवाली क्षेत्र में प्रयागराज-बांदा राजमार्ग स्थित घर में आधा दर्जन से अधिक सशस्त्र बदमाशों ने घर के तीन सदस्यों को लहूलुहान कर नकदी समेत तीन लाख कीमत का सामान लूट ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है। वहीं पुलिस अधिकारी भी पहुंच कर घर के सदस्यों से पूछताछ किया। बाद में डॉग स्क्वायड और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट अपने स्तर पर जांच-पड़ताल कर रहे हैं।
बदमाशों ने जख्मी करने के बाद तीनों को चारपाई से बांध दिया था
पांडर गांव के भैरव पाल का पूरा मजरा में प्रयागराज-बांदा राजमार्ग स्थित पेट्रोल पंप के सामने स्थित कन्हैया केशरवानी 55 परिवार के साथ रहते हैं। उनके घर पर सोमवार की रात करीब 11 बजे आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने धावा बोल दिया। सभी के हाथ में लाठी-डंडे, चाकू, साबर और असलहे थे। घर में कन्हैया लाल की पत्नी सावित्री 45 व उनका पुत्र संतोष केसरवानी 24 सो रहे थे। बदमाशों ने उन्हें चाकू व साबर से मारकर लहूलुहान कर दिया। इसके बाद दोनों को चारपाई में बांध दिया। इस दौरान उनकी 13 वर्षीय बेटी मुस्कान को भी सिर में वार कर बदमाशों ने जख्मी कर दिया।
दो घंटे तक बदमाश करते रहे लूटपाट
इसके बाद लगभग दो घंटे तक लूटपाट करते रहे। लगभग एक बजे सभी बदमाश नकदी, आभूषण और अन्य सामान लेकर बदमाश फरार हो गए। उधर बदमाशों के फरार होने के बाद संतोष कुमार किसी तरह अपना बंधन खोलकर छत पर गया तथा वहां से मदद की गुहार लगाई।
घर के बाहर सो रहे गृहस्वामी को पता ही नहीं चला
वहीं गृहस्वामी कन्हैयालाल केसरवानी घर के बाहर सो रहा था, जिससे वह बच गया। बेटे के चिल्लाने की आवाज सुनकर वह उठा। तब तक शोर सुनकर ग्रामीण भी उठ गए। तत्काल घायल तीनों लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। कन्हैयालाल ने बताया कि करीब तीन लाख का सामान बदमाश लूट ले गए।
पुलिस कर रही पड़ताल, कोई क्लू नहीं मिला
ग्रामीणों की सूचना पाकर रात में ही पुलिस पहुंची और जांच-पड़ताल की। सुबह पुलिस अधिकारी फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और डाग स्क्वायड के साथ पहुंचे। घरवालों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल बदमाशों का अभी कुछ पता नहीं चल सका है। पुलिस कांबिंग कर रही है।