हरियाणा पुलिस का छापा, अभियुक्त गिरफ्तार
इलाहाबाद : हरियाणा पुलिस ने गुरुवार दोपहर शाहगंज स्थित होटल मे छापा मारते हुए वांछित अभियुक्त नईम अंसारी को दबोच लिया।
जासं, इलाहाबाद : हरियाणा पुलिस ने गुरुवार दोपहर शाहगंज स्थित होटल मे छापा मारते हुए वांछित अभियुक्त नईम अंसारी को दबोच लिया। अदालत मे पेश करने के बाद पुलिस नईम को लेकर अपने साथ हरियाणा चली गई।
पुलिस के मुताबिक, नईम भदोही जिले के कटरा बाजार थाना क्षेत्र स्थित लोहरान गली का निवासी है। वह हरियाणा के पानीपत मे सोमपाल की चादर, तौलिया फैक्ट्री मे काम कर रहा था। करीब तीन माह पहले नईम फैक्ट्री से तीन लाख रुपये लेकर भाग निकला। फैक्ट्री मालिक ने मामले मे मुकदमा दर्ज कराया। इस पर पुलिस ने खोजबीन शुरू की। उसके मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाया गया तो लोकेशन ट्रेस हो गई। गुरुवार दोपहर हरियाणा के दारोगा विष्णु ने थानाध्यक्ष शाहगंज गजानंद चौबे की टीम के साथ विष्णु लॉज मे छापेमारी की। एक कमरे मे ठहरे नईम को पकड़कर कड़ाई से पूछताछ हुई तो उसके कब्जे से दो लाख 75 हजार रुपये बरामद हो गए। अभियुक्त ने बताया कि वह यहां से ट्रेन पकड़कर किसी दूसरे शहर भागने की फिराक मे था। हालांकि पुलिस का मानना है कि नईम सउदी अरब जाने की तैयारी मे भी रहा होगा। फिलहाल पुलिस अब उसे हरियाणा की अदालत मे भी पेश करेगी।