शुआट्स के वीसी का सुराग जुटा रही क्राइम ब्रांच
विनोद बी लाल को जेल भेजने के बाद अब आरबी लाल पर फोकस लखनऊ में होने की मिली थी सूचना,
विनोद बी लाल को जेल भेजने के बाद अब आरबी लाल पर फोकस
लखनऊ में होने की मिली थी सूचना, क्रास चेक कर रही पुलिस
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : सैम हिग्गिन बॉटम युनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर टेक्नॉलाजी एंड साइंस (शुआट्स) के निदेशक (प्रशासन)
विनोद बी लाल को जेल भेजने के बाद अब क्राइम ब्रांच वीसी आरबी लाल का सुराग जुटाने में लग गई है। क्राइम ब्रांच आरबी लाल के करीबियों के संपर्क में है। पहले उनके लखनऊ में होने की सूचना मिली। पुलिस ने क्रास चेक किया तो वह नहीं मिले। राष्ट्रपति के आगमन की वजह से पुलिस इस पर काम नहीं कर सकी। अब शनिवार की रात से पुलिस ने फिर से इसी पर फोकस कर दिया।
शुआट्स के कुलपति प्रोफेसर आरबी लाल के खिलाफ नैनी थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोप है कि करोड़ों की जमीन गलत तरीके से ट्रांसफर की गई। इसके अलावा शुआट्स में हुए करोड़ों के घोटाले के मामले में भी क्राइम ब्रांच वीसी की घेरेबंदी में जुटी है। क्राइम ब्रांच ने अचानक निदेशक प्रशासन विनोद बी लाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। ऐसी ही कोशिश वीसी के लिए शुरू हो गई है। एसपी क्राइम बृजेश मिश्र के मुताबिक, तीन दिनों तक पुलिस व्यस्त थी। अब वीसी के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही मामले के अन्य आरोपियों कि तलाश में दबिश शुरू हो गई है।
---------
ईडी भी जुटा रही संपत्ति का ब्योरा
इलाहाबाद : शुआट्स में हुए करीब 24 करोड़ के घोटाले के मामले को ईडी ने भी संज्ञान में लिया है। ईडी ने गोपनीय तरीके से प्रबंधन से जुड़े लोगों की संपत्ति का ब्योरा जुटाना शुरू कर दिया है।