Covid19 Vaccination: प्रयागराज की सांसद रीता जोशी ने ट्वीट किया-कोरोना टीकाकरण को लेकर सजग हों, अफवाहों से बचें
Covid19 Vaccination प्रयागराज की सांसद डॉ. रीता बहुगुणा जोशी ने ट्वीट करके लोगों को कोविड19 टीकाकरण के प्रति जागरूक किया। सांसद रीता जोशी ने ट्वीट कर कहा कि अफवाहों पर ध्यान न देें और किसी प्रकार के दुष्प्रचार से सजग रहें।
प्रयागराज, जेएनएन। कोविड-19 के टीकाकरण को लेकर सभी सजग हैं। सरकारी अमला जहां चीजों को मूर्तरूप देने में जी जान से जुटा है, वहीं जन प्रतिनिधि भी जागरूकता फैलाने में जुटे हैं। वह विपक्ष के कुछ नेताओं की ओर से दी जाने वाली टिप्पणियों को लेकर भी तत्परता से जवाब दे रहे हैं। इसी क्रम में प्रयागराज की सांसद डॉ. रीता बहुगुणा जोशी ने ट्वीट किया है कि विश्व के सब से बड़े टीकाकरण अभियान से कोरोना पर काबू पा रहा भारत। अब तक देश में 44 लाख से अधिक लोगों का टीकाकरण हो चुका है।
सांसद ने लिखा कि टीकाकरण के लिए 84617 सत्र आयोजित हो चुके हैं
सांसद रीता जोशी ने ट्वीट कर कहा कि अफवाहों पर ध्यान न देें और किसी प्रकार के दुष्प्रचार से सजग रहें। एक चित्र भी शेयर किया है जिसमें प्रधानमंत्री मोदी का चित्र है। इसमें बताया गया है कि देश में रिकवरी 10480455 है। कुल जांच 19.92 करोड़ से अधिक हो चुकी है। उन्होंने बताया कि एक्टिव केस 1.55 लाख है। 44 लाख से अधिक टीके लग चुके हैं। यह भी बताया गया है कि टीकाकरण के लिए 84617 सत्र आयोजित हो चुके हैं।
स्मार्ट सिटी परियोजना से लग रहे सपनों को पंख
इलाहाबाद सांसद डॉ. रीता बहुगुणा जोशी ने एक अन्य ट्वीट किया है जिसमें स्मार्ट सिटी परियोजना का बखान है। क्षेत्र के विकास को समझाते हुए लिखा है कि इससे सपनों को पंख लगे हैं। इस परियोजना में विकास के लिए 562 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। स्मार्ट सिटी परियोजना दस शहरों में चल रही है। इनमें लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर, आगरा, झांसी, बरेली, सहारनपुर, मुरादाबाद, अलीगढ़ शामिल हैं। यह भी लिखा है कि भाजपा सरकार इन शहरों की तस्वीर को बदलने के लिए कृत संकल्पित है।